Advertisement

स्वास्थ्य सहिया चुनाव में धांधली का आरोप: आक्रोशित ग्रामीणों ने BDO व चिकित्सा प्रभारी को सौंपा ज्ञापन, निरस्त कर पुनः निष्पक्ष चुनाव की मांग

 

 

नीलाम्बर पीताम्बरपुर (पलामू): लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत राजहरा पंचायत के सिमरिया खाला गांव में आयोजित स्वास्थ्य सहिया के चुनाव को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। चुनाव प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर बेईमानी और पोषक क्षेत्र के नियमों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाते हुए दर्जनों ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चुनाव निरस्त करने की मांग की है।

नियमों को ताक पर रखकर चुनाव कराने का आरोप

ग्रामीण मनोज सिंह, विजय सिंह, नरेंद्र सिंह, करमी देवी, परमानंद सिंह, कइल सिंह और उदय सिंह समेत दर्जनों महिला-पुरुषों ने संयुक्त रूप से विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि चयन प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी की गई है। आरोप है कि सहिया चयन के लिए तय पोषक क्षेत्र के बाहर के लोगों को इस प्रक्रिया में शामिल कर मनमाने ढंग से चुनाव कराया गया, जो पूरी तरह से असंवैधानिक और नियमों के खिलाफ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वर्तमान चुनाव परिणाम को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए और वरीय अधिकारियों की सीधी देखरेख में सर्वसम्मति से पोषक क्षेत्र की ही किसी योग्य महिला का निष्पक्ष चयन किया जाए।

तारीख पर तारीख से बढ़ा असंतोष

मामले की पृष्ठभूमि साझा करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में हुए चुनाव के खिलाफ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन और क्षेत्रीय विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता को ज्ञापन दिया गया था। उस समय शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुराने चुनाव को निरस्त कर दिया गया था और 12 सितंबर को पुनः चुनाव कराने के लिए आधिकारिक चिट्ठी जारी की गई थी।

हालांकि, प्रशासनिक शिथिलता के कारण 12 सितंबर को मुखिया आशा देवी के अनुपस्थित रहने का हवाला देकर चुनाव स्थगित कर दिया गया और नई तिथि 16 सितंबर तय की गई। इसके बावजूद 16 सितंबर को भी चुनाव आयोजित नहीं हो सका।

बार-बार चुनाव टलने और पारदर्शी प्रक्रिया न अपनाए जाने से नाराज सैकड़ों महिला-पुरुषों ने सीएचसी कार्यालय और प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया तथा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द पारदर्शी चुनाव कराने का अल्टीमेटम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!