Advertisement

भूमि विवाद में महिला और उसकी बेटी से मारपीट, दोनों पक्षों ने लेस्लीगंज थाने में दर्ज कराई शिकायत

 

 

Jalesh//
​नीलाम्बर पीताम्बरपुर : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ठकुराई डबरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता मोनिका सिंह (पति- सूरज सिंह) ने लेस्लीगंज थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिस्से की जमीन बेचने के विरोध पर मारपीट का आरोप
थाने में दिए गए आवेदन में मोनिका सिंह ने आरोप लगाया है कि गांव के ही अरुण सिंह (पिता- स्व. लक्ष्मी नारायण सिंह), उनके पुत्र सुजीत सिंह व सुमित सिंह तथा पत्नी नीतू देवी ने एकजुट होकर उनके और उनकी नाबालिग बेटी के साथ बदसलूकी, गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, विवाद का मुख्य कारण पारिवारिक जमीन का बंटवारा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अरुण सिंह उनके हिस्से की जमीन को भी अवैध रूप से बेचने का प्रयास कर रहे हैं। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ हिंसक व्यवहार किया।

​पारिवारिक विवाद, बेबुनियाद हैं आरोप: दूसरा पक्ष
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष के अरुण सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे विशुद्ध रूप से पारिवारिक विवाद बताया है। उन्होंने भी सूरज सिंह और मोनिका सिंह के खिलाफ लेस्लीगंज थाने में जवाबी आवेदन दिया है। अरुण सिंह का तर्क है कि कोई भी व्यक्ति या हिस्सेदार किसी दूसरे हिस्सेदार की जमीन को बिना सहमति के न तो बेच सकता है और न ही उसकी रजिस्ट्री संभव है। उन्होंने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया है।

​पुलिस कर रही है मामले की जांच

मामले की पुष्टि करते हुए लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत (आवेदन) प्राप्त हुई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं और भूमि विवाद से जुड़े कागजातों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!