Advertisement

राँची के चान्हो में अनियंत्रित होकर पलटी स्कूल बस, बड़ा हादसा टला; ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान घटी घटना

राँची/चान्हो: राजधानी राँची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठे के समीप बुधवार की सुबह एक अनियंत्रित स्कूल बस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बस छात्रों को पिक-अप करने गाँव की ओर जा रही थी। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय बस में एक भी छात्र सवार नहीं था, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
​प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बाल विकास स्कूल की बस बुधवार सुबह विद्यार्थियों को लेकर आने के लिए हर्रा गाँव की दिशा में जा रही थी। जैसे ही बस लेपसर के पास पहुँची, चालक ने आगे चल रहे एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिसके बाद वह पलट गई।

ग्रामीणों ने त्वरित तत्परता दिखाई

हादसे के वक्त हुए तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने स्थिति को देखते हुए बिना समय गंवाए घटना की जानकारी चान्हो थाना पुलिस को दी।

​सूचना मिलते ही चान्हो थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन के जरिए बस को गड्ढे से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

​चान्हो पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर चोट आने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है तथा चालक के बयान और लापरवाही के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!