चतरा : सदर अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसते हुए भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता (ACB) की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) करने के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ धर दबोचा। दोपहर करीब 12:45 बजे हुई इस अचानक कार्रवाई से अंचल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल कायम हो गया।
म्यूटेशन के एवज में मांगी थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति ने अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए सदर अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि संबंधित काम को पूरा करने के एवज में राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार लगातार चक्कर कटवा रहा था और काम के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित द्वारा असमर्थता जताने के बावजूद कर्मचारी बिना चढ़ावे के काम करने को तैयार नहीं था।
बिछाया गया जाल, रंगेहाथ धराया आरोपी
परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत हजारीबाग स्थित ACB कार्यालय से की। मामले की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत मंगलवार दोपहर पीड़ित जैसे ही राजस्व कर्मचारी को केमिकल लगे 10 हजार रुपये देने पहुंचा, पास में ही सादे लिबास में तैनात एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। मौके पर ही नोटों का मिलान करने और रसायनों की जांच के बाद घूसखोरी की पुष्टि हुई।
कार्यालय में मची अफरा-तफरी, विधिक कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी सतीश कुमार को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। एसीबी के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में पदस्थापित अन्य कर्मचारियों और बिचौलियों के बीच सन्नाटा पसरा हुआ है।













Leave a Reply