Advertisement

अतिक्रमण हटाने पहुंची रेलवे व प्रशासन की टीम का भारी विरोध, स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

 

 

​राँची :  राजधानी के एचईसी बाईपास रोड पर मंगलवार को उस समय भारी बखेड़ा खड़ा हो गया, जब रेलवे और प्रशासनिक अपना बुलडोजर लेकर अवैध कब्जा हटाने पहुँचा। करीब ढाई दशकों से बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के बीच रेलवे की जमीन पर बसे सैकड़ों स्थानीय निवासियों ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया और देखते ही देखते सड़कों पर उतर आए। भीड़ ने बिरसा चौक-हरमू मार्ग को पूरी तरह से बाधित कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात ठप रहा।

बुलडोजर देखते ही सड़क पर उतरे लोग, लगाया नारा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह जैसे ही प्रशासन और रेलवे की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुँची, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 25 वर्षों से वहाँ रह रहे लोगों का कहना था कि बिना किसी पूर्व सूचना या पुनर्वास की व्यवस्था के उन्हें बेदखल किया जा रहा है। टीम के आगे बढ़ते ही महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में लोग बुलडोजर के सामने खड़े हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

कई किलोमीटर तक लगा लंबा जाम, राहगीर परेशान

प्रदर्शनकारियों द्वारा मार्ग बंद किए जाने से बिरसा चौक से लेकर डीसी के घोड़ा चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते इसका असर आसपास के इलाकों पर भी देखने को मिला। डीपीएस स्कूल के समीप पेट्रोल पंप के पास गाड़ियां रेंगती नजर आईं। इस अचानक लगे जाम के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और एम्बुलेंसों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

पुलिस व प्रशासन कर रहा समझाने का प्रयास

सड़क जाम और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस व वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस बल स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाने का प्रयास कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई थी और प्रदर्शनकारी पुनर्वास की मांग को लेकर अड़े हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!