रांची: भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समस्त राज्यवासियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और ‘जोहार’ दिया है। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित पारिवारिक व सार्वजनिक कार्यक्रमों के बीच सीएम ने रक्षाबंधन को केवल परंपरा तक सीमित न रखकर इसे महिला सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संकल्प बनाने का आह्वान किया।
’सखी मंडल’ की राखियां खरीदकर दें आत्मनिर्भरता को सम्मान
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सखी मंडल की माताओं और बहनों ने अपने हुनर और मेहनत से खूबसूरत राखियां तैयार की हैं। उन्होंने लोगों से स्थानीय स्तर पर बनी इन राखियों को खरीदने का आग्रह किया। सीएम ने कहा, “आपकी खरीदी सिर्फ एक राखी नहीं है, बल्कि यह किसी बहन की मेहनत, आत्मविश्वास और स्वावलंबन को दिया गया सम्मान है।”

बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र, सीएम ने लिया आशीर्वाद
रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास पर रक्षाबंधन का त्योहार आत्मीय और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री की बड़ी बहन अंजनी सोरेन, दुमका (सीतासाल) से आईं बहन मति सोरेन तथा चचेरी बहनों ने सीएम हेमंत सोरेन की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। सीएम ने बड़ी बहनों का आशीर्वाद लिया और छोटी बहनों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनकी माता रूपी सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण ही राज्य के विकास की नींव
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के निर्माण और समाज के विकास में महिलाओं का योगदान ऐतिहासिक रहा है। खेत-खलिहान से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक नेतृत्व तक महिलाओं ने अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि जब एक बेटी शिक्षित होती है, तो पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए सीएम ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पलाश और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान जैसी योजनाओं का जिक्र किया और बताया कि सरकार महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीएम ने अंत में दोहराया कि जब हमारी बेटियां पढ़ेंगी और बहनें आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ेंगी, तभी एक समृद्ध और सशक्त झारखंड का निर्माण संभव होगा।













Leave a Reply