ऑपरेशन ‘प्रहार’ और ‘सफाया’ के तहत पिपराटांड़ पुलिस को मिली सफलता; गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
नीलाम्बर-पिताम्बरपुर (पलामू)। नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ व ‘सफाया’ के तहत पिपराटांड़ थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अमानत नदी बराज के समीप त्वरित कार्रवाई करते हुए 960 ग्राम अवैध तरल अफीम के साथ एक युवक को धर दबोचा।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अमानत नदी बराज के आसपास मादक पदार्थ की अवैध खेप के साथ एक व्यक्ति मौजूद है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर छापेमारी की। बराज के समीप घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 960 ग्राम तरल अफीम बरामद की गई।
आरोपी की पहचान और एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
गिरफ्तार युवक की पहचान तितलंगी गांव निवासी सनोज भुइयां (22 वर्ष), पिता- विदेशी भुइयां के रूप में की गई है। पुलिस ने बरामद तरल अफीम को जब्त करते हुए आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में पिपराटांड़ थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 17(बी) एवं 18(सी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply