Advertisement

रांची में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: एक ही दिन में कटे 3,116 चालान, नियम तोड़ने पर होगी FIR और जेल

रांची। राजधानी रांची की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों पर शिकंजा कसने के लिए मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा विशेष जांच अभियान चलाया। शहर के सभी प्रमुख चौराहों और यातायात थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस व्यापक चेकिंग अभियान से हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने दिनभर में दोपहिया, चार पहिया, ऑटो और टोटो चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुल 3,116 वाहनों का चालान काटा।

​अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों को दरकिनार करने वालों पर पुलिस की गाज सबसे ज्यादा गिरी। ट्रैफिक आंकड़ों के मुताबिक, बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 1,311 चालकों का चालान काटा गया, जबकि सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से गाड़ी खड़ी करने वाले 1,291 वाहन नो-पार्किंग की गिरफ्त में आए।

कार्रवाई का पूरा ब्योरा

  • बिना हेलमेट: 1,311 चालान
  • नो पार्किंग: 1,291 चालान
  • ओवरस्पीड (तेज रफ्तार): 202 चालान
  • रेड लाइट उल्लंघन: 129 चालान
  • गलत दिशा (रॉन्ग साइड Driving): 42 चालान
  • बिना ड्राइविंग लाइसेंस: 22 चालान

​इनके अलावा ट्रिपल राइडिंग, कार में बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाना, शराब पीकर वाहन चलाना, गाड़ियों पर फैंसी नंबर प्लेट, शीशों पर ब्लैक फिल्म, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल और बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) के गाड़ी चलाने वालों पर भी जुर्माना लगाया गया।

25 दिनों में 77 हजार से अधिक चालान

यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अगस्त से 25 अगस्त 2026 के बीच मोटरयान अधिनियम (Motor Vehicles Act) के तहत कुल 77,403 चालान काटे जा चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और हादसों में कमी लाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

फर्जी नंबर प्लेट पर सीधी जेल

ट्रैफिक पुलिस ने चालकों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति अपनी गाड़ी पर किसी दूसरे वाहन का फर्जी नंबर लगाकर परिचालन करते हुए पकड़ा गया, तो उस वाहन को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा। ऐसे मामलों में चालक और वाहन मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर उन्हें सीधे जेल भेजने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​यातायात पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!