मेदिनीनगर (झारखंड) : तरहसी थाना क्षेत्र के तिरौँधा गांव में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गांजा बेच रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 490 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर लेसलीगंज SDPO के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम करीब 4:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तरहसी थाना क्षेत्र के तिरौँधा गांव निवासी अंकित कुमार सिंह (19 वर्ष, पिता- दिलीप सिंह) अपनी दुकान में अवैध मादक पदार्थ (गांजा) रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) लेसलीगंज प्रशांत कुमार-02 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिरौँधा गांव स्थित आरोपी की दुकान की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से एक काले रंग की पॉलिथीन में रखा 490 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
आपराधिक इतिहास और न्यायिक हिरासत
पुलिस ने बरामद गांजे को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी अंकित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह तरहसी थाना के वर्ष 2025 मे दर्ज कांड में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत नामजद अभियुक्त रहा है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
छापेमारी अभियान में SDPO प्रशांत कुमार-02, तरहसी थाना प्रभारी पु०अ०नि० राजेश रंजन, पु०अ०नि० अनन्त कुमार सिंह, पुoअoनिo मनिंदर शर्मा, स०अ०नि० महताब आलम, हवलदार टोकन गोप, आरक्षी (13) चन्दन कुमार दुबे तथा चालक आरक्षी मनोज कुमार यादव शामिल थे।













Leave a Reply