Advertisement

मिलाद-उन-नबी पर भाईचारे का संदेश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

​मेदिनीनगर (पलामू): आगामी मिलाद-उन-नबी के पवित्र त्योहार को क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को तरहसी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी राजेश रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

विधि-व्यवस्था और डीजे पर पाबंदी मुख्य मुद्दा

बैठक के दौरान त्योहार के दिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस के रास्तों की साफ-सफाई, निर्बाध बिजली-पानी की आपूर्ति और सुगम यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। थाना प्रभारी राजेश रंजन ने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। केवल पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ध्वनि सीमा के भीतर साउंड सिस्टम के प्रयोग की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग मचाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

अफवाहों से बचें, तुरंत दें पुलिस को सूचना

थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ अफवाहें तेजी से फैलती हैं। किसी भी अपरिचित या असत्यापित खबर पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें। यदि क्षेत्र में कोई असामाजिक तत्व शांति भंग करने का प्रयास करता है या कोई संदेहास्पद गतिविधि नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत थाना पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 24 घंटे तत्पर है।

जनप्रतिनिधियों ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने एक स्वर में कहा कि तरहसी का इतिहास हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है। इस बार भी मिलाद-उन-नबी का पर्व पूरी सादगी, अकीदत और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और युवाओं को अनुशासित रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

बैठक में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर मुख्य रूप से तरहसी थाना के सब-इंस्पेक्टर  मनिंदर शर्मा,आनंद कुमार सिंह, महताब आलम एवं समाजसेवी नईम अनवर, तौफीक अंसारी, प्रमुख समाजसेवी गोपाल प्रसाद, लड्डू रजक,अरका मुखिया बबन प्रसाद, कमलदेव साहू, आबिद हुसैन, कौसर अंसारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!