मेदिनीनगर,पलामू : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित रजडेरवा में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के सड़क निर्माण कार्यस्थल पर अपराधियों ने देर रात तांडव मचाया। अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में वहां सो रहे दो मजदूर गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद निर्माण स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अफरातफरी मच गई व दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुस्साहसिक वारदात बीती रात लगभग 12 बजे घटी। NHAI के रजडेरवा स्थित कैंप और निर्माण स्थल पर मजदूर दिनभर के काम के बाद सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग की आवाज सुनकर मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, हालांकि गोली लगने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसपी कपिल चौधरी ने संभाला मोर्चा, चार खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पलामू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से चार प्रयुक्त खोखे बरामद किए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन जांच व सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल, जांच में जुटी पुलिस
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने घटना के संबंध में बताया कि घायल मजदूरों को इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस निर्माण स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ हर संभावित पहलू पर छानबीन कर रही है। हालांकि, फायरिंग के पीछे लेवी (रंगदारी) या वर्चस्व की वजह है अथवा कोई अन्य कारण, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













Leave a Reply