Advertisement

पुलिस अधीक्षक ने लेस्लीगंज थाना और एसडीपीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

मेदिनीनगर (पलामू) : ​क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से  को पुलिस अधीक्षक, पलामू ने अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), लेस्लीगंज  कार्यालय एवं लेस्लीगंज थाना का विस्तृत वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने कार्यालय के पंजियों की जांच की और थाना परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया।

​निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना के विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों, मालखाना, सिरस्ता और लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधानधीन मामलों की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट तलब करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी मामले लंबे समय से लंबित हैं, उनका निष्पादन वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर शीघ्रता से किया जाए। अभिलेखों के समुचित संधारण (रखरखाव) को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी।

जनता से मधुर व्यवहार और त्वरित कार्रवाई पर जोर

​समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों और आमजनों के साथ सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

क्षेत्र में गश्ती और अपराध नियंत्रण के निर्देश

​क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एसपी ने निर्देश दिया कि रात्रि गश्ती और एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान में कोई कोताही न बरती जाए। अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस पदाधिकारियों को पूरी तत्परता, जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने का टास्क दिया गया। उन्होंने कहा कि लेस्लीगंज अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस की उपस्थिति हर स्तर पर प्रभावी दिखाई देनी चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो।

​निरीक्षण के दौरान अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!