मेदिनीनगर : पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार एवं सफाया’ के तहत मादक पदार्थों (NDPS) और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान जारी है। इसी क्रम में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां 508 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर प्राथमिक विद्यालय के पास कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लेस्लीगंज/पांकी) के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को पिपराटांड थाना क्षेत्र के ग्राम-बोरोदिरी टोला-खांखर स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 508 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के निवासी हैं:
- कमल यादव (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता- स्व. प्रयाग यादव
- जयश्री यादव (उम्र लगभग 50 वर्ष), पिता- हृदावन यादव (दोनों निवासी: ग्राम-हेडूम, पो.-द्वारिका, थाना-पांकी, जिला-पलामू)
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में पिपराटांड थाना में सुसंगत धारा 17(b)/18(c) NDPS Act के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) सहित पिपराटांड थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।













Leave a Reply