Advertisement

पलामू : झरना टोला हत्याकांड का पर्दाफाश, चंदा के बाद पति उपेंद्र भी सलाखों के पीछे, दबोचा गया शातिर अपराधी

मेदिनीनगर (पलामू) : शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवती अस्पताल के पीछे स्थित झरना टोला में बीते 26 अप्रैल को हुई एक अज्ञात महिला की निर्मम हत्या के मामले में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की गहन जांच और अनुसंधान के बाद मुख्य आरोपी उपेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र स्थित बालेखांड़ गांव का निवासी है।

मामले का घटनाक्रम और पुलिसिया कार्रवाई

​उल्लेखनीय है कि 26 अप्रैल को झरना टोला इलाके में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था, जिसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से फेंक दिया गया था। घटना के बाद शहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की प्राथमिक दर्ज की और अनुसंधान शुरू किया।

​अनुसंधान के शुरुआती चरण में पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला चंदा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। चंदा देवी से पूछताछ और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए जुटाये गए सुरागों के आधार पर पुलिस उसके पति उपेंद्र कुमार तक पहुंची।

पुराना आपराधिक इतिहास रहा है आरोपी का

“हत्याकांड में शामिल दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार उपेंद्र कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई अन्य मामलों में संलिप्त पाया गया है। मामले का पूरी तरह उद्भेदन कर लिया गया है।”

 

​पुलिस सूत्रों के अनुसार, उपेंद्र कुमार क्षेत्र में पूर्व में भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ गढ़वा और पलामू के विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पलामू केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है।

​इस चर्चित हत्याकांड के दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस अब मामले में जल्द से जल्द आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल करने की तैयारी में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!