मेदिनीनगर,( पलामू ) : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबाना गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश के कारण एक अधेड़ व्यक्ति की धारदार हथियार से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई। घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पलामू पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरगद पेड़ के पास हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे मधुबाना निवासी प्रभुनाथ रजवार (50 वर्ष) वीर कुंवर स्थान स्थित बरगद पेड़ के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी ने उन पर धारदार हथियार “बलुआ” से हमला कर दिया। हमले में प्रभुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने डालटनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रभुनाथ को मृत घोषित कर दिया।
त्वरित कार्रवाई से आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पडवा मोड़ के पास से मुख्य आरोपी रमेश सिंह उर्फ मोरा सिंह (पिता- स्व. मुंशेरी सिंह, निवासी- मधुबाना) को धर दबोचा।
मृतक के भाई श्याम लाल रजवार के बयान के आधार पर पिपरा थाना में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(2) और 103(1) के साथ-साथ SC/ST एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं।
“मृतक श्याम लाल रजवार के भाई के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रमेश सिंह उर्फ मोरा सिंह को पडवा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि बीते वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान हुई गाली-गलौज की रंजिश में उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को कागजी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।”
— प्रशांत कुमार, एसडीपीओ, छतरपुर (पलामू)













Leave a Reply