Advertisement

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सुदिव्य कुमार सोनू को दी अंतिम विदाई, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

 

 

राँची/गिरिडीह :  झारखंड के युवा एवं कर्मठ मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असमय निधन से संपूर्ण राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार को राँची से लेकर गिरिडीह तक राजकीय सम्मान और अश्रुपूरित नेत्रों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुँचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को यह असह्य दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
​इस दौरान प्रशासनिक और राजनीतिक जगत की कई हस्तियों ने भी आवास पहुँचकर उन्हें नमन किया। श्रद्धांजलि देने वालों में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र महतो, झारखंड सरकार की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल तथा पर्यटन सचिव नमन प्रियेश लकड़ा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर दिवंगत नेता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

श्रद्धांजलि सभा के पश्चात पार्थिव शरीर को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित श्मशान घाट पर संपूर्ण राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। पुलिस के जवानों ने शस्त्र उल्टे कर और बिगुल की मातमी धुन के बीच गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम सलामी दी।
​अत्यंत भावुक क्षणों के बीच दिवंगत मंत्री के 10 वर्षीय मासूम पुत्र श्रेयस कुमार ने मुखाग्नि दी। इस दृश्य को देखकर श्मशान घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आँखें नम हो गईं।

अर्थी को मुख्यमंत्री ने दिया कंधा, बताया राज्य के लिए अपूरणीय क्षति

अंतिम यात्रा में अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन सहित सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, विधायक, उच्च प्रशासनिक अधिकारी और हज़ारों की संख्या में आम नागरिक अंतिम यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं अर्थी को कंधा देकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
​श्मशान घाट पर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा, “सुदिव्य कुमार सोनू का निधन पूरे झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और ऊर्जावान युवा नेता के रूप में राज्य के विकास में जो योगदान दिया है, उसे सदैव याद रखा जाएगा। सरकार इस दुःख की घड़ी में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!