मेदिनीनगर (पलामू ) : पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी की अध्यक्षता में Block-B स्थित सभागार में जिले की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रमुखों ने भाग लिया। गोष्ठी के दौरान विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गश्ती प्रणाली और जनता को त्वरित पुलिस सेवा प्रदान करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
पीड़ित महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनेगा विशेष रजिस्टर
एसपी कपिल चौधरी ने महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी थानों और ओपी में एक विशेष रजिस्टर शुरू करने का निर्देश दिया। इस रजिस्टर में प्राप्त शिकायतों का विवरण, की गई कार्रवाई और मामले के निस्तारण की स्थिति दर्ज की जाएगी। इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे इन मामलों को पूरी संवेदनशीलता के साथ निपटाएं और गश्ती दल समय-समय पर बुजुर्गों व पीड़ित महिलाओं के घर जाकर उनकी सुरक्षा और समस्याओं का जायजा ले।
’ऑपरेशन प्रहार’ के 7 पुलिसकर्मी सम्मानित
मादक पदार्थों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शामिल हैं:
पु०नि० चंदन कुमार (थाना प्रभारी, हुसैनाबाद)
पु०अ०नि० प्रदीप कुमार (थाना प्रभारी, सतबरवा)
पु०अ०नि० नीरज कुमार (थाना प्रभारी, नौडिहा बाजार)
पु०अ०नि० मनोज कुमार सिंह (नौडिहा बाजार थाना)
स०अ०नि० राजेश बैठा (नौडिहा बाजार थाना)
आरक्षी-535 मनोज कुमार सिंह (सैट-97, जैप-8 लेस्लीगंज)
आरक्षी-370 अमीत कुमार यादव (सैट-97, जैप-8 लेस्लीगंज)
एसपी ने सभी सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तत्परता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
अपराधियों और मादक पदार्थों पर कसा जाएगा शिकंजा
बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और सक्रिय तथा संदिग्ध अपराधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया। नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री, परिवहन और भंडारण में संलिप्त पूरे नेटवर्क की पहचान कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने पर बल दिया गया। साथ ही, पिछले 10 वर्षों में जेल से छूटे लूट, डकैती, चोरी, गृहभेदन और आर्म्स एक्ट के अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।
बीट पुलिसिंग होगी मजबूत, QR Code से होगी गश्ती की निगरानी
गश्ती व्यवस्था और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए थानों में जवाबदेही तय की गई है। गश्ती दल की उपस्थिति और प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित स्थलों पर ‘QR Code Scan’ की व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके अलावा, आपातकालीन सेवा डायल-112 के रिस्पॉन्स टाइम को सुधारने और आम जनता की कॉल पर त्वरित कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
प्रतिदिन लगेगा ‘जनता दरबार’ और CCTV से रहेगी पैनी नजर
जनसमस्याओं के समाधान के लिए सभी थाना प्रभारियों को रोजाना सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक थाना परिसर में जनता दरबार लगाने के निर्देश के अनुपालन की समीक्षा की गई। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले के पेट्रोल पंपों, अस्पतालों, स्कूलों, होटलों, प्रमुख चौराहों और थानों के प्रवेश व निकास द्वारों पर CCTV कैमरे लगाने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
एसपी कपिल चौधरी ने अंत में कहा कि दिए गए सभी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा अगले माह की अपराध गोष्ठी में दोबारा की जाएगी। उन्होंने जिले में सुरक्षित और भयमुक्त माहौल बनाने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।













Leave a Reply