Advertisement

बाढ़ में बही कॉपियों के साथ नहीं बहा कृतिका का हौसला, जन समाधान में गुहार पर पलामू DC बने उम्मीद का सहारा

बाढ़ में कॉपी-किताबें बहने से मायूस थी 5वीं की कृतिका, जन समाधान में गुहार के बाद उपायुक्त ने खुद सौंपी पठन-पाठन सामग्री

मेदिनीनगर : हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और कोयल नदी के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी से प्रभावित परिवारों के बीच एक बच्ची की पढ़ाई पर संकट मंडराने लगा था। मेदिनीनगर के वार्ड नंबर-2, बैंक कॉलोनी निवासी और कक्षा 5 की छात्रा कृतिका कुमारी के घर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से उसकी किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्रियां बह गई थीं। अपनी पढ़ाई छूटने के डर से मायूस कृतिका अपनी समस्या लेकर जिला प्रशासन के ‘जन समाधान’ कार्यक्रम में पहुंची।

​जन समाधान कार्यक्रम के दौरान कृतिका ने पलामू के उपायुक्त (DC) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई और आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए नई किताबें उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। छोटी सी बच्ची की इस संवेदनशील समस्या को सुनते ही उपायुक्त ने बिना किसी देरी के तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को कृतिका के लिए सभी आवश्यक पठन-पाठन सामग्रियां तुरंत व्यवस्थित करने का सख्त निर्देश दिया।

​उपायुक्त के त्वरित निर्देश का असर भी जल्द देखने को मिला। निर्देश के आलोक में पठन-पाठन सामग्री तैयार की गई और उपायुक्त ने स्वयं अपने कार्यालय कक्ष में कृतिका को बुलाकर किताबें और कॉपियां सौंपी।

​किताबें हाथ में आते ही कृतिका के चेहरे पर आई मुस्कान ने पूरे कार्यालय का माहौल खुशनुमा बना दिया। कृतिका ने बताया कि उसका सपना जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा पास कर दाखिला लेना और बेहतर शिक्षा हासिल करना है। किताबें दोबारा मिल जाने से अब उसके सपने को नया पंख मिला है और उसकी पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!