Advertisement

Fact Check: वायरल वीडियो में पीएम मोदी की गाड़ी में नहीं मौजूद थे जेपी नड्डा, दो साल पुराने वीडियो के जरिए फैलाया गया झूठ

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। पीएम मोदी के एक पुराने वीडियो के जरिए यह झूठ फैलाने की कोशिश की गई कि प्रधानमंत्री अपना स्वागत करवाने के लिए जेपी नड्डा को अपनी गाड़ी में साथ लेकर आए थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस वीडियो में कार से उतरने के बाद पीएम का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर करते हुए यह भी दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना स्वागत करवाने के लिए एक मंत्री को कार में साथ लेकर चलते हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। प्रधानमंत्री की कार से उतरते शख्स स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा नहीं हैं। वायरल वीडियो पुराना है। दरअसल, पीएम मोदी और जेपी नड्डा, दोनों अलग-अलग गाड़ियों से 27 जुलाई 2024 को भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे। उस दिन वहां मुख्यमंत्रियों की काउंसिल बैठक थी। जांच में पता चला कि जुलाई 2024 में जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्री नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Niraj Yadav’ ने एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “पीएम मोदी को अपना स्वागत कराने की ऐसी लत लगी है कि अब तो वो खुद का सम्मान कराने के लिए एक मंत्री साथ लेकर चलते हैं स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मोदीजी के साथ ही कार में बैठकर आते हैं और दूसरी तरफ कार से उतरकर, सामने आते हैं और मोदीजी को फ्लावर देते है इसका मतलब नड्डा जी को मोदी जी ने कैबिनेट मंत्री इसी लिए बनाए है ताकि उनके स्वागत करने में कोई कमी न रहे…।”

वायरल फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। यह वीडियो 29 जुलाई 2026 को पोस्ट किया गया था। वीडियो के साथ किए गए दावे को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो को स्कैन किया। इसके ऊपर न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ का लोगो लगा हुआ था इसलिए हमने सबसे पहले इसके एक्स हैंडल पर वीडियो को सर्च करना शुरू किया। हमें 55 सेकंड का वीडियो 27 जुलाई 2024 को अपलोड किया हुआ मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का लंबा वर्जन भी मिला। इसे 27 जुलाई 2024 को लाइव किया गया था। वीडियो के 16वें सेकंड में हमें गाड़ी से निकलकर जाते हुए नीले रंग की शर्ट पहने हुए एक शख्स नजर आया। इससे पहले यह शख्स कार में पीएम मोदी के बगल में फाइलें समेटते हुए नजर आ रहे थे।

जांच के दौरान हमें ‘IANS’ के एक्स हैंडल पर भी एक वीडियो मिला। 27 जुलाई 2024 के इस वीडियो में पीएम मोदी के बगल में बैठे शख्स और जेपी नड्डा, दोनों को एक साथ देखा जा सकता है।

इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब पीएम मोदी के बगल में बैठे शख्स फाइलों के साथ जा रहे होते हैं, तब जेपी नड्डा प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए कार के पास खड़े रहते हैं।

इस वीडियो से यह तो स्पष्ट हो गया कि पीएम मोदी के साथ कार में बैठे शख्स जेपी नड्डा नहीं हैं, क्योंकि दोनों की शर्ट का रंग अलग-अलग नजर आ रहा है। इसके अलावा दोनों की हेयर स्टाइल में भी काफी अंतर दिख रहा है।

अब हमें यह जानना था कि जेपी नड्डा भाजपा कार्यालय कब पहुंचे थे। अलग-अलग कीवर्ड से सर्च करने पर हमें न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ के एक्स हैंडल पर एक वीडियो मिला। 27 जुलाई 2024 के इस वीडियो में बताया गया कि मुख्यमंत्रियों की काउंसिल बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे। इससे यह साफ हो गया कि जेपी नड्डा उस दिन अलग गाड़ी से भाजपा मुख्यालय पहुंचे थे।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने वायरल पोस्ट को फर्जी बताया।

क्या है संदर्भ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचते हैं, तब पार्टी के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करते हैं। जब तक जेपी नड्डा भाजपा अध्यक्ष थे, वह सबसे पहले पीएम का स्वागत करते थे। उनके पद से हटने के बाद अब वर्तमान भाजपा अध्‍यक्ष नितिन नवीन पीएम मोदी का स्वागत करते हैं। नितिन नवीन 20 जनवरी 2026 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। इससे पहले जेपी नड्डा भाजपा के अध्यक्ष थे। उन्होंने 20 जनवरी 2020 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के प्रोफाइल की जांच की गई। पता चला कि नीरज यादव नाम का यह यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़ा है। यूजर प्रयागराज का रहने वाला है। इसे फेसबुक पर दो हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। पीएम मोदी के एक पुराने वीडियो के जरिए यह झूठ फैलाने की कोशिश की गई कि प्रधानमंत्री अपना स्वागत करवाने के लिए जेपी नड्डा को अपनी गाड़ी में साथ लेकर आए थे। इस वीडियो में पीएम मोदी की गाड़ी में उनके साथ नजर आ रहे शख्स जेपी नड्डा नहीं हैं।


  • Claim Review : पीएम मोदी का सम्मान करने के लिए उनकी गाड़ी से उतर कर सामने आए जेपी नड्डा
  • Claimed By : FB User Niraj Yadav
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!