Advertisement

यूपी के भाजपा उपाध्यक्ष के बेटे के नाम पर वायरल हुआ पंजाब के युवक का वीडियो Truth Behind Viral Jantar Mantar Protest Image Shared with Rajesh Yadav Son Claim

बीजेपी की आलोचना कर रहे युवक का नाम कुणाल चौधरी है और वह यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेश यादव का बेटा नहीं है। राजेश यादव ने भी इस वायरल दावे का खंडन किया है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का प्रोटेस्ट जुलाई 2026 में खत्म हो गया। हालांकि, इससे जुड़ी भ्रामक और फर्जी खबरें अभी भी वायरल हो रही हैं। ऐसा ही एक पोस्ट सीजेपी के इस प्रदर्शन से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस पोस्ट में दो वीडियो का कोलाज लगाया गया है। पहले वीडियो में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उपाध्यक्ष राजेश यादव को सोनम वांगचुक की आलोचना करते हुए देखा जा सकता है। कोलाज के दूसरे वीडियो में एक युवक खुद को बीजेपी मेंबर का बेटा बताते हुए पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना कर रहा है। इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा युवक यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेश यादव का बेटा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में दिख रहे युवक का नाम ‘कुणाल चौधरी’ है और वह यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेश यादव का बेटा नहीं है। राजेश यादव ने इस वायरल दावे का खंडन किया है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Gulam Pir Jmm’ ने वायरल वीडियो को 28 जुलाई 2026 को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “अपने भाजपाई नेता बाप को खुद चोर कह रहा है …वजह सब जान ही गए होंगे…..शाबाश बेटा”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। 

पड़ताल के दौरान हमें वायरल युवक का वीडियो ‘zubairlnk’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 15 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह युवक कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचा था और वह खुद को बीजेपी के एक मेंबर का बेटा बता रहा था। 

‘zubairlnk’ के अकाउंट को खंगालने पर हमें युवक के इंटरव्यू से जुड़े कई अन्य वीडियो भी मिले। ऐसे ही एक वीडियो में युवक को टैग भी किया गया था। 

राजेश यादव के बेटे के नाम पर वायरल हो रहे युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगालने पर हमने पाया कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के दौरान इस युवक ने कई लोगों को इंटरव्यू देते हुए खुद को बीजेपी के एक मेंबर का बेटा ही बताया था। हालांकि, हमें ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला, जिसमें युवक ने उत्तर प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेश यादव को अपना पिता बताया हो। युवक ने कुछ इंटरव्यू में खुद की पहचान ‘कुणाल चौधरी’ बताई है। साथ ही यह भी बताया है कि वह लुधियाना, पंजाब का रहने वाला है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने उत्तर प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेश यादव के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें उनका वायरल वीडियो ‘dainikjagranmp.cg’ नाम के अकाउंट पर 17 जुलाई 2026 को शेयर किया हुआ मिला।

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘दैनिक भास्कर’ की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 21 दिन पहले प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव  यूपी के बिलारी नगर पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सोनम वांगचुक को चीन का एजेंट बताया था।

हमने राजेश यादव के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहीं पर नहीं मिली। 

अधिक जानकारी के लिए हमने राजेश यादव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। उन्होंने कहा, “यह दावा गलत है और मैंने इसकी पुलिस शिकायत भी दर्ज कराई है।”

क्या है संदर्भ?

नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों ने विरोध-प्रदर्शन किया था। कॉकरोच जनता पार्टी की अगुवाई में यह प्रदर्शन 20 जून 2026 से शुरू हुआ था। पेपर लीक होने के कुछ मामलों को लेकर छात्रों की मांग थी कि धर्मेंद्र प्रधान केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दें। उन्होंने 25 जुलाई 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सीजेपी का यह प्रदर्शन समाप्त हो गया था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब दो लाख लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को झारखंड का रहने वाला बताया है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी की आलोचना कर रहे युवक का नाम कुणाल चौधरी है और वह यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष राजेश यादव का बेटा नहीं है। राजेश यादव ने भी इस वायरल दावे का खंडन किया है। 


  • Claim Review : भाजपा नेता राजेश यादव के बेटे ने की बीजेपी की आलोचना।
  • Claimed By : FB User Gulam Pir Jmm
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!