Advertisement

Fact Check: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्‍थापक अभिजीत दीपके नहीं लौटे अमेरिका, झूठी पोस्ट की जा रही है वायरल

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। सीजेपी का आंदोलन खत्म होने के बाद अभिजीत दीपके अमेरिका नहीं लौटे हैं। यह दावा पूरी तरह से बेबुनियाद है। वह भारत में ही हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का धरना भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन अभी भी कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इससे जुड़ी तस्वीर और वीडियो शेयर करके झूठ और भ्रम फैला रहे हैं। अब एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भारत में अपना आंदोलन समाप्त करके अमेरिका लौट गए हैं। सोशल मीडिया पर इस दावे को सच मानकर कुछ यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। जांच में पता चला कि अभिजीत अमेरिका नहीं लौटे हैं। वह भारत में ही हैं।

विश्वास न्यूज ने कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े कई सोशल मीडिया पोस्ट की पड़ताल की है। इन्हें यहां पढ़ा जा सकता है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Samiran Das’ ने 28 जुलाई 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “मिशन पूरा! अब अमेरिका रवाना हुए अभिजीत दिपके। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीजेपी के खिलाफ चर्चित “Cockroach Janata Party” विरोध अभियान का नेतृत्व करने के बाद राजनीतिक कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने भारत में अपना अभियान समाप्त कर दिया है और अब आधिकारिक रूप से अमेरिका लौट रहे हैं। उनकी वापसी के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे एक सफल विरोध अभियान बता रहे हैं, तो कुछ इसके राजनीतिक प्रभाव पर सवाल उठा रहे हैं। आपकी राय क्या है? क्या इस विरोध का भारतीय राजनीति पर कोई बड़ा असर पड़ेगा? अपनी राय कमेंट में ज़रूर बताइए। पोस्ट को शेयर करें और चर्चा में शामिल हों।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसके आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है। इसे सच मानकर कई यूजर्स सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल पोस्ट में इस्तेमाल की गईं तस्वीरों के बारे में जानने का प्रयास किया। इसके लिए गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया गया। यहां तस्वीरों को सर्च करने पर हमें इनसे जुड़ा वीडियो कई सोशल मीडिया हैंडल्स और न्यूज वेबसाइट पर मिला। ‘भास्कर डॉट कॉम’ ने एक महीने पहले पब्लिश की गई एक खबर में बताया था कि जयपुर के गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर विरोध-प्रदर्शन के लिए अभिजीत दीपके जयपुर पहुंचे थे।

वायरल तस्वीर में अभिजीत जो टी-शर्ट पहने और बैग लिए दिख रहे हैं, वही हमें इस वीडियो में भी नजर आए। इससे यह तो स्पष्ट हो गया कि जयपुर में प्रदर्शन के लिए पहुंचे अभिजीत की जयपुर एयरपोर्ट पर ली गई एक पुरानी तस्वीर वायरल की गई है।

सर्च के दौरान हमें जयपुर एयरपोर्ट का एक वीडियो ‘khabrejaipurki’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर भी मिला। इसे भी एक महीने पहले पोस्ट करते हुए जयपुर एयरपोर्ट का बताया गया। इसमें भी अभिजीत को वायरल तस्वीर वाली टीशर्ट पहने और वही बैग लिए हुए देखा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान हमने यह जानने का प्रयास किया कि अभिजीत फिलहाल कहां हैं। हमें ‘एएनआई’ के एक्स हैंडल पर उनका एक लेटेस्ट वीडियो मिला। इसे 29 जुलाई 2026 को 12 बजकर 48 मिनट पर पोस्ट किया गया था।

सर्च के दौरान हमें इसी एक्स हैंडल पर 11 बजकर 58 मिनट का एक और वीडियो पोस्‍ट किया हुआ मिला। यह वीडियो भी दिल्ली का ही है। इसमें अभिजीत से कुछ प्रश्न करते हुए पत्रकारों को देखा जा सकता है।

न्यूज एजेंसी ‘IANS’ के एक्स हैंडल पर मौजूद एक वीडियो में बताया गया कि अभिजीत दीपके को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल के अराइवल (Arrival) एरिया में देखा गया। यह वीडियो 29 जुलाई 2026 का है।

जांच के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया, “वायरल पोस्ट पूरी तरह से फर्जी है। अभिजीत अमेरिका नहीं लौटे हैं। वह भारत में ही हैं।”

क्या है संदर्भ?

देश में परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन उनके इस्तीफे के साथ खत्म हो गया। यह प्रदर्शन 20 जून 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हुआ था। छात्रों के दबाव में आखिरकार 25 जुलाई को शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे ही दिया। ‘बीबीसी’ हिंदी की 25 जुलाई 2026 की एक खबर में इसके बारे में विस्तार से पढ़ा जा सकता है।

‘द ट्रिब्यून डॉट कॉम’ की 28 जुलाई 2026 की खबर के अनुसार, ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (AISA) ने हाल के प्रदर्शनों के दौरान देश के कई राज्यों में गिरफ्तार किए गए सभी प्रदर्शनकारियों की बिना शर्त रिहाई, पुलिस की कथित बर्बरता के लिए जवाबदेही और पुलिस कार्रवाई में घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे की मांग की।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। पता चला कि इस अकाउंट को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2014 में बनाया गया था। यूजर गुवाहाटी का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। सीजेपी का आंदोलन खत्म होने के बाद अभिजीत दीपके अमेरिका नहीं लौटे हैं। यह दावा पूरी तरह से बेबुनियाद है। वह भारत में ही हैं।


  • Claim Review : कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत आंदोलन खत्म होने के बाद अमेरिका लौटे।
  • Claimed By : FB User Samiran Das
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!