15वें वित्त आयोग की स्वास्थ्य अनुदान योजना से ग्रामीण क्षेत्रों को मिली बड़ी सौगात, सात पंचायतों में बनेंगे आधुनिक स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन
मेदिनीनगर (पलामू): जिले के तरहसी प्रखंड में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। झारखंड सरकार के 15वें वित्त आयोग स्वास्थ्य अनुदान मद के तहत प्रखंड के सात पंचायतों में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस योजना के तहत सेलारी, मंझौली-2, नावाडीह, कसमार, नवगढ़, गोइंदी एवं सोनपुरा पंचायतों में आधुनिक स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे हजारों ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर एवं सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
- शिलान्यास समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह, तरहसी पूर्वी की जिला परिषद सदस्य रूपवंती देवी तथा तरहसी पश्चिमी के जिला परिषद सदस्य कृष्ण मुरारी सिंह ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण जिला परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह ने कहा कि सभी निर्माण कार्य जिला परिषद की निगरानी में कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यकारी एजेंसी जिला अभियंता, जिला परिषद पलामू को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो जाएंगी।
कार्यक्रम में तरहसी पश्चिमी के जिला परिषद सदस्य कृष्ण मुरारी सिंह, चैनपुर के जिला परिषद सदस्य अजहर अहमद एवं प्रमोद सिंह, पांकी की जिला परिषद सदस्य खुशबू देवी, मिनी सिंह, निधि सिंह, उदयपुरा वन के मुखिया प्रवीण पांडेय, मंझौली-2 के मुखिया पति सह समाजसेवी अनुज सिंह, सोनपुरा के मुखिया मृत्युंजय सिंह, नवगढ़ के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष विजय शंकर पांडेय उर्फ पायनियर पांडेय, गोइंदी की मुखिया सरिता देवी एवं मुखिया पति लालमुनि राम, अनुपम सिंह, सहायक अभियंता संध्या कुमारी, तरहसी प्रखंड प्रमुख सिरिस्ता भुइयाँ, समाजसेवी उषा सिंह, दया सिंह, समाजसेवी राजेश सिंह, पूर्व सांसद प्रतिनिधि आशुतोष मिश्रा, बालेश्वर पांडेय, लक्ष्मीकांत पांडेय, कौशल शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण को क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी पहल बताते हुए खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना था कि इन भवनों के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक मजबूत होगी और विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को समय पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय लोगों ने सरकार एवं जिला परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।













Leave a Reply