Advertisement

दामोदर के समीप बेकाबू स्कॉर्पियो घर में घुसी: चीख-पुकार के बीच दो की मौत, 5 से अधिक गंभीर; रिम्स रेफर

 नगर मंदिर से लौट रही थी गाड़ी, चंदवा सीएचसी में एंबुलेंस न मिलने से उपजा आक्रोश

 चंदवा (लातेहार) : चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदर गांव के समीप बुधवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन के करीब लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित एक रिहाइशी मकान को तोड़ते हुए भीतर जा घुसी। हादसा इतना खौफनाक था कि वाहन का चालक और घर के बाहर बैठी एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन प्रसिद्ध मां उग्रतारा नगर मंदिर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम से वापस चंदवा की ओर लौट रहा था। जैसे ही गाड़ी दामोदर गांव के समीप पहुंची, चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे बने मकान से जा टकराई।

हादसे में हताहतों की स्थिति

  • मृतक: राखी देवी (निवासी- दामोदर) एवं अरविंद कुमार (स्कॉर्पियो चालक)।
  • गंभीर रूप से घायल (रिम्स, रांची रेफर): ललिता देवी, रेनू देवी, खुशबू, सूरज और बिट्टू।
  • सीएचसी चंदवा में उपचाराधीन: सरिता देवी एवं दो अन्य।

अस्पताल में एंबुलेंस की कमी से बढ़ी परेशानी

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुँचाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।

​हालांकि, रिफर किए जाने के बाद सीएचसी में एंबुलेंस की अनुपलब्धता के कारण घायलों को रांची भेजने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एंबुलेंस में हुई देरी को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में गहरा असंतोष देखा गया।

घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी (सीओ) सुमित कुमार झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंदन प्रसाद, उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा तथा अधिवक्ता संदीप वैद्य सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को त्वरित व समुचित इलाज के निर्देश दिए।

 

पुलिस जांच जारी

​पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!