मेदिनीनगर (पलामू) : शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा आम नागरिकों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस एवं जिला परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 22,000 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया।
प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
संयुक्त टीम ने छ:मुहान से लालकोठा होते हुए मुख्य बाजार क्षेत्र और लालकोठा के आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों एवं निर्धारित पार्किंग सीमा से बाहर व्हाइट लाइन के पार अनियमित रूप से खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस, जिला परिवहन विभाग के सहायक महावीर कुमार सहित पुलिस एवं परिवहन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर ही नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों का ऑनलाइन चालान जनरेट किया, जिससे सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से वाहन खड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया।
माइकिंग के जरिए लोगों को किया गया जागरूक
कार्रवाई के साथ-साथ प्रशासन द्वारा जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस ने माइकिंग के माध्यम से दुकानदारों, ग्राहकों एवं राहगीरों को संबोधित करते हुए अपील की कि वे अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन निर्धारित व्हाइट लाइन के अंदर ही पार्क करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में व्हाइट लाइन के बाहर या सड़क पर अतिक्रमण कर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त चालान एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की अपील: नियमों का करें पालन
पलामू पुलिस व जिला प्रशासन ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यह संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अक्षरशः पालन करें, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा मेदिनीनगर शहर को जाम एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने में प्रशासन को अपना सहयोग प्रदान करें।
















Leave a Reply