रांची : झारखंड हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत को पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम से झारखंड हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करने का विशेष आग्रह किया है। इसे एक असाधारण और संभवतः पहली बार सामने आए घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, जब किसी राज्य के मुख्यमंत्री ने स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर सीधे सुप्रीम कोर्ट को पत्र लिखा हो।
न्यायिक प्रशासन की निरंतरता पर चिंता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि झारखंड हाईकोर्ट में बार-बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति होने से न्यायिक प्रशासन की निरंतरता पर सीधा असर पड़ता है। उनके अनुसार, स्थायी मुख्य न्यायाधीश के अभाव में हाईकोर्ट के प्रशासनिक कार्यों में भी अस्थिरता की स्थिति बनी रहती है, जिसका प्रभाव समग्र न्यायिक व्यवस्था पर पड़ता है।
27 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे कार्यवाहक सीजे
वर्तमान में झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसएन पाठक आगामी 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनकी सेवानिवृत्ति में अब बेहद कम समय शेष रह गया है, लेकिन इसके बावजूद अगले मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
रविरंजन की सेवानिवृत्ति के बाद तीन बार कार्यवाहक व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया है कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश रविरंजन के सेवानिवृत्त होने के बाद से अब तक तीन बार दो से छह महीने की अलग-अलग अवधियों के लिए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किए जा चुके हैं। सीएम के मुताबिक, इस तरह की अस्थायी व्यवस्थाओं के बार-बार दोहराए जाने से न्यायिक प्रशासन की निरंतरता प्रभावित होती है।
नियुक्ति प्रक्रिया और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का हवाला
पत्र में यह तर्क भी रखा गया है कि मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति की प्रक्रिया पद रिक्त होने से कम से कम तीन महीने पहले शुरू हो जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट की पूर्व की टिप्पणी का हवाला देते हुए याद दिलाया कि 26 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा था कि हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त होने वाले न्यायाधीश का स्थानांतरण दो महीने पहले किया जाना चाहिए।
कॉलेजियम से तत्काल संज्ञान लेने की अपील
संवैधानिक और प्रशासनिक निरंतरता के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम से इस विषय पर तत्काल संज्ञान लेने तथा झारखंड हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।













Leave a Reply