छतरपुर/पलामू: नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में आयोजित एक गृह प्रवेश समारोह का भोजन करने के बाद दर्जनों लोग फूड पॉइजनिंग (विषाक्त भोजन) का शिकार हो गए। रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद करीब 40 मरीजों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कई अन्य बीमार लोगों का इलाज विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमुआ गांव में गृह प्रवेश समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि समारोह में करीब 200 से अधिक लोगों ने भोजन किया था। भोजन करने के कुछ ही घंटों बाद लोगों को उल्टी, दस्त, तेज बुखार और पेट दर्द की शिकायत शुरू होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए।
रविवार को स्थिति गंभीर होने पर लगभग 40 पीड़ितों को आनन-फानन में छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने मोर्चा संभाला और मरीजों का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर यह मामला विषाक्त भोजन (फूड पॉइजनिंग) का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल में बेड और दवाइयों की व्यवस्था दुरुस्त कर सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उधर, कई अन्य प्रभावित लोगों का उपचार आसपास के निजी क्लीनिकों व अस्पतालों में कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, समारोह में भोजन करने वाले लगभग सभी लोगों पर इसका असर देखा गया है, जिससे गांव में चिंता का माहौल है।
मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है। स्वास्थ्य टीम द्वारा स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा भोजन के सैंपल और कारणों की जांच की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें और झोलाछाप डॉक्टरों के चक्कर में न पड़ें।













Leave a Reply