नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू) : विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को प्रखंड के लेस्लीगंज स्थित मध्य विद्यालय में आयोजित एसआईआर कैंप का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों और मतदान कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में एक भी पात्र भारतीय मतदाता का नाम छूटने न पाए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के ऐसे सभी पात्र नागरिक, जो किसी कारणवश पूर्व में मतदाता सूची के गणना कार्य में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनकी प्राथमिकता के आधार पर पहचान कर नाम जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों पर ध्यान देने को कहा जो रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्यों में पलायन कर गए थे और अब वापस अपने घर लौट आए हैं। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे छूटे हुए लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का यह विशेष अवसर प्रदान किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), बीआरओ और सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
92 प्रतिशत लक्ष्य हासिल, पारदर्शिता पर जोर
कैंप की प्रगति की जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जागो महतो ने बताया कि लेस्लीगंज प्रखंड में एसआईआर का 92 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। शेष बचे आठ प्रतिशत पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम भी शीघ्र ही सूची में शामिल कर लिए जाएंगे। सभी बीएलओ पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
वहीं, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एआरओ) प्रमोद कुमार दास ने बताया कि कैंप में दावा-आपत्ति दर्ज कराने पहुंच रहे आवेदकों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। जिन आवेदकों के कागजात अधूरे पाए जा रहे हैं, उन्हें आवश्यक दस्तावेज जल्द जमा करने को कहा गया है। मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने के लिए मृत मतदाताओं के नाम विलोपित किए जा रहे हैं, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी मतदाता का नाम दो अलग-अलग स्थानों की सूची में दर्ज न रहे।
विद्यालय की व्यवस्था व अनुशासन की डीसी ने की सराहना
इससे पूर्व, मध्य विद्यालय परिसर पहुंचने पर विद्यालय की छात्राओं और शिक्षकों ने पारंपरिक रूप से मंगल आरती उतारकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर उपायुक्त का आत्मीय स्वागत किया। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन और विद्यार्थियों को दिए जा रहे संस्कारों की मुक्तकंठ से सराहना की। निरीक्षण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) नारायण महतो, संत तिवारी, ब्रजकिशोर तिवारी सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति व प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।
















Leave a Reply