पड़वा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई; बस चालक, कंडक्टर और खलासी गिरफ्तार
मेदिनीनगर,(पलामू ): जिले में अवैध विदेशी शराब के परिवहन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पड़वा थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक, पलामू को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 144 लीटर बीयर जब्त की है तथा बस के चालक, कंडक्टर और खलासी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
NH-39 पर वाहन चेकिंग में पकड़ी गई खेप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहड़ा मिडिल स्कूल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-39) पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान डाल्टनगंज से औरंगाबाद की ओर जा रही लाल रंग की ‘जय माँ’ बस (रजिस्ट्रेशन संख्या-JH01FF6818) को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस में लदे फल (अनार) के कार्टूनों के बीच छिपाकर रखी गई अवैध बीयर की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने कुल 24 पेटी बीयर जब्त की, जिसमें प्रत्येक 500 एमएल के 288 केन (कुल 144 लीटर) शामिल हैं।
मौके से तीन आरोपी गिरफ्तार
अवैध शराब के इस परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने मौके से बस के चालक, कंडक्टर और खलासी को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
- ललन सिंह (उम्र-48 वर्ष), पिता-अवधेश सिंह, निवासी-ग्राम कजरी, थाना-पड़वा, जिला-पलामू (बस चालक)।
- श्यामनारायण तिवारी (उम्र-55 वर्ष), पिता-स्व० हरिनाथ तिवारी, निवासी-सुदना, थाना-शहर, जिला-पलामू (बस कंडक्टर)।
- मो० बेचु उर्फ मो० छोटू (उम्र-40 वर्ष), पिता-स्व० रमतुल्ला मो०, निवासी-ग्राम नावाबाजार, थाना-नावाबाजार, जिला-पलामू (बस खलासी)।
जब्त सामान और छापामारी दल
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त लाल रंग की ‘जय माँ’ बस तथा अनार के कार्टूनों में छिपाई गई 24 पेटी (288 केन / 144 लीटर) बीयर को जब्त कर लिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापामारी दल में पड़वा थाना के पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस मामले की आगे की छानबीन में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
















Leave a Reply