मेदिनीनगर,(पलामू): जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर बकोरिया स्थित मनीष लाइन होटल के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार 50 वर्षीय महिला जोहरा बीबी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे उनके पति औरंगजेब खान इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा अपराह्न करीब 3:30 बजे हुआ। जोहरा बीबी अपने पति औरंगजेब खान के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। जैसे ही वे बकोरिया स्थित मनीष लाइन होटल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोहरा बीबी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि औरंगजेब खान सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
हादसे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल औरंगजेब खान को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर जाम हटाने तथा यातायात बहाल करने का प्रयास शुरू कर दिया।













Leave a Reply