Advertisement

चंदन साव की मौत के बाद भड़का जनआक्रोश, पुलिस के आश्वासन पर खुला बेदानी मोड़ का जाम

 

 

मेदिनीनगर (पलामू):  जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत भालोगाडी गांव निवासी चंदन साव की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को न्याय की गुहार लगाते हुए बेदानी मोड़ (परशुराम चौक) को पूरी तरह जाम कर दिया। गुस्साए लोगों ने बीच सड़क पर शव को रखकर लगभग एक घंटे तक जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना था कि चंदन साव की मौत महज़ एक हादसा नहीं, बल्कि एक साजिश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस घटना में शामिल तमाम आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति को देखते हुए मृतक के आश्रितों में से किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और उचित मुआवजे की मांग प्रमुखता से उठाई।

आर्थिक संकट से जूझ रहा पीड़ित परिवार

स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि चंदन साव अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी असमय मौत के बाद परिजनों के सामने आजीविका और जीवन-यापन का गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने साफ लहजे में प्रशासन को आगाह करते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस मामले का सभी नामजद हत्यारों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे इससे भी अधिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम

सड़क जाम की सूचना मिलते ही तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और प्रशासनिक स्तर पर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ हुई वार्ता के बाद आश्वासन मिलने पर लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!