Advertisement

CRPF ने 22वें शहादत दिवस पर वीर शहीद रूपेश सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

 

 

नीलाम्बर-पीताम्बरपुर (लेस्लीगंज): ​मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अमर शहीद रूपेश सिंह का 22वां शहादत दिवस लेस्लीगंज स्थित उच्च विद्यालय परिसर में श्रद्धापूर्वक और गर्व के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ अधिकारियों, जवानों, स्थानीय प्रशासन एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और श्रद्धांजलि निवेदित की।
​समारोह के मुख्य अतिथि एवं सीआरपीएफ के सेकेंड-इन-कमांडेंट शैलेंद्र वशिष्ठ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि रूपेश सिंह जैसे अमर बलिदानियों के अदम्य साहस और शहादत की बदौलत ही देश सुरक्षित है। जब जवान सरहद पर मुस्तैद रहते हैं, तभी देशवासी अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अपने वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलती और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
​डोडा में आतंकी हमले में वीरगति को प्राप्त हुए थे रूपेश
​उल्लेखनीय है कि शहीद रूपेश सिंह सीआरपीएफ की 81वीं बटालियन में तैनात थे। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान उनकी तैनाती चिनाब नदी के पुल पर की गई थी। इसी दौरान आतंकियों द्वारा किए गए भीषण आईईडी विस्फोट में रूपेश सिंह ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इस कायराना हमले में उनके साथ जवान शांतनु सरकार और पवन कुमार भी वीरगति को प्राप्त हुए थे।

शहीद के भाई का हुआ सम्मान

कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद वेदी पर माल्यार्पण और सलामी के साथ हुआ। इसके उपरांत सीआरपीएफ अधिकारियों द्वारा शहीद रूपेश सिंह के बड़े भाई राहुल सिंह को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
​लेस्लीगंज के पुरनाडीह गांव के एक संपन्न किसान परिवार (स्व. ध्रुव सिंह) में जन्मे रूपेश सिंह की शुरुआती शिक्षा-दीक्षा इसी लेस्लीगंज हाई स्कूल में हुई थी। उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए विद्यालय परिसर में शहीद वेदी का निर्माण कर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की गई है।
​इस शहादत दिवस समारोह में लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर यशवीर सिंह, कृष्णा राही, बृजेश गुप्ता, निखिल कुमार, अजित सिन्हा, शहीद के परिजन विराटवर्धन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!