Advertisement

बरियातू के मंडा बगीचा में खूनी खेल: शराब पार्टी में विवाद के बाद चली गोली, युवक की हालत नाजुक

रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात एक शराब पार्टी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। पार्टी के दौरान हुए आपसी विवाद में एक युवक को सरेआम गोली मार दी गई। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में रिम्स (RIMS) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

​घायल युवक की पहचान टोनी लोहरा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रातू थाना क्षेत्र के कमड़े इलाके का रहने वाला है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात करीब दो बजे मंडा बगीचा इलाके में कुछ युवक एक जगह एकत्रित होकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान नशे की हालत में किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच पार्टी में शामिल एक युवक ने हथियार निकाल लिया और फायरिंग कर दी। गोली सीधे टोनी लोहरा के पेट में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

​देर रात गोली चलने की तेज आवाज और टोनी के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी और पार्टी में शामिल अन्य युवक मौके से फरार हो गए। घटना की भनक लगते ही स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत रिम्स के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। चिकित्सकों की टीम उसका सघन उपचार कर रही है।

​घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि रात के दो बजे ये युवक वहां क्यों जुटे थे, उनके पास हथियार कहां से आया और विवाद की असली वजह क्या थी।

​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य युवकों की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घायल टोनी लोहरा के होश में आने के बाद उसका आधिकारिक बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद ही पूरी घटना से पर्दा उठ सकेगा। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!