राँची। राजधानी राँची की पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले एक आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चाकू मारकर हत्या करने, ट्रक चालक से लूटपाट और निर्माणाधीन भवन में चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं के मामले में की गई है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, लूटे गए तथा चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं।
झाड़ियों से मिला था शव, लूट और हत्या का दर्ज हुआ था मामला
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीते 26 अगस्त को कोतवाली थाना क्षेत्र के औघड़ बाबा आश्रम के समीप झाड़ियों से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। बाद में मृतक की पहचान कुम्हार टोली निवासी 32 वर्षीय उपेंद्र कुमार मिश्रा के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या, मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट की धाराओं के तहत कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
एक ही गिरोह का तरीका-ए-वारदात आया सामने
जांच के दौरान पुलिस को दो अन्य घटनाओं की जानकारी मिली। पहली घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र की है, जहाँ एक ट्रक चालक को चाकू मारकर उसका मोबाइल छीन लिया गया था। वहीं दूसरी घटना बसंत विहार (रोड नंबर-5) स्थित एक निर्माणाधीन मकान में घटित हुई, जहाँ से मोबाइल चोरी की गई थी।
शुरुआती तफ़तीश में पुलिस ने पाया कि तीनों घटनाओं को अंजाम देने का तरीका (मोडस ऑपरेंडी) बिल्कुल एक जैसा था। इससे यह साफ हो गया कि इन सभी वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।
SIT का गठन और अपराधियों की गिरफ्तारी
वारदातों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SIT ने मानवीय इनपुट (सूचना तंत्र) और तकनीकी सर्विलांस की मदद से छापेमारी कर सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को धर दबोचा।
कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों अपराधियों ने हत्या, लूट और चोरी की तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त आला-कत्ल (चाकू) और लूटे गए मोबाइल बरामद कर लिए हैं। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से अन्य आपराधिक मामलों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।













Leave a Reply