जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान युवक ने ‘भारत माता की जय’, ‘जय श्री राम’ और ‘नारा-ए-तकबीर’ के नारे लगाए थे, लेकिन असली वीडियो के एक हिस्से को काटकर सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले 20 जून 2026 से शुरू हुआ धरना अभी जारी है। वहां काफी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हैं। इस प्रदर्शन से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक प्रदर्शनकारी को ‘नारा-ए-तकबीर’ बोलते हुए सुना जा सकता है। इसके जवाब में वहां मौजूद लोग ‘अल्लाह हू अकबर’ बोलते हैं। कुछ यूजर्स इसे सांप्रदायिक रंग देते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा भ्रामक निकला। प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद युवक ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए थे। वीडियो के कुछ हिस्से को काटकर इसे सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Dharma Hindustan’ ने 24 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन में ‘नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर’ के नारे लगाए गए। मुझे बताइए कि यह छात्रों का विरोध प्रदर्शन कैसे है?”

एक्स यूजर ‘Nupur J Sharma’ ने भी इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देते हुए शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर ‘Mera Gurgaon News’ ने 23 जुलाई 2026 को वायरल क्लिप का लंबा वर्जन शेयर किया था। इसमें प्रदर्शनकारी कह रहा है, “कौन कहता है कि हम मुसलमान ‘भारत माता की जय’, ‘जय श्री राम’… और हम नहीं बोलते, हम बोलते हैं… हम एक हैं…हम एक हैं…हम एक हैं…’जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’, ‘नारा-ए-तकबीर’।” इसके जवाब में वहां मौजूद लोग कहते हैं ‘अल्लाह हू अकबर’। इसमें 16 सेकंड के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर लगाए गए "नारा-ए-तकबीर" के नारे।
पूरा विडियो देखें 👇👇👇 pic.twitter.com/hMy7k6f71O— Mera Gurgaon News (@MeraGurgaonNews) July 23, 2026
इस वीडियो को ‘youtuber__sufiyan’ के इंस्टाग्राम अकाउंट से 23 जुलाई 2026 को भी पोस्ट किया गया था। इसमें भी प्रदर्शनकारी को ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए देखा जा सकता है।

इस बारे में हमने जंतर-मंतर प्रदर्शन को शुरू से कवर कर रहे स्वतंत्र पत्रकार सचिन गुप्ता से संपर्क किया और उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो आधा-अधूरा है। प्रदर्शन के दौरान ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगे थे।
क्या है संदर्भ?
सीजेपी के 20 जून 2026 से चल रहे प्रदर्शन के तहत 20 जुलाई को ‘संसद मार्च’ निकाला गया था। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल का प्रयोग किया था इस दौरान हुई हिंसक झड़पों में पुलिस और प्रदर्शनकारी घायल हुए थे। इसके बाद वहां भीड़ बढ़ गई।
वहीं, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स हैंडल पर 24 जुलाई को पोस्ट कर कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन सामप्त करने के बाद भी प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।
वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 2 लाख 13 हजार फॉलोअर्स हैं और उन्होंने अपनी लोकेशन नोएडा, उत्तर प्रदेश दी हुई है।
निष्कर्ष: जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान युवक ने ‘भारत माता की जय’, ‘जय श्री राम’ और ‘नारा-ए-तकबीर’ के नारे लगाए थे, लेकिन असली वीडियो के एक हिस्से को काटकर सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।

- Claim Review : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान युवक ने इस्लामी नारे लगाए।
- Claimed By : FB User- Nupur J Sharma
- Fact Check : भ्रामक
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें




















Leave a Reply