Advertisement

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सामने नहीं किया केन्‍द्र सरकार पर कटाक्ष Congress MP Renuka Chowdhury mocked the BJP Education Minister Dharmendra Pradhan in Parliament

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सामने कांग्रेस सांसद रेणुका के केन्‍द्र सरकार को खरी-खोटी सुनाने का दावा फेक है। दरअसल, वीडियो में नजर आ रहे शख्स धर्मेंद्र प्रधान नहीं, बल्कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन हैं। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन करने के लिए विपक्ष ने भी प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी बीच कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें सरकार और केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जैसे दिख रहे व्‍यक्ति पर कटाक्ष करते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रेणुका चौधरी के पीछे खड़े होकर उनकी बातें सुन रहे शख्स शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो में नजर आ रहे शख्स शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नहीं, बल्कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन हैं।   

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘राजेश मीना’ ने 21 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बेचारे धर्मेंद्र प्रधान संसद मे ही धो दिए गए थे!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘एनबीटी’ के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 21 जुलाई 2026 को शेयर किया हुआ मिला। हालांकि, इसके कैप्शन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कोई जिक्र नहीं मिला।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने कीवर्ड्स की मदद से गूगल सर्च करना शुरू किया। हमें वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स का एक अन्य वीडियो हमें ‘nasirhussaininc’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 23 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। इसमें धर्मेंद प्रधान की तरह दिख रहे डॉ. हुसैन को कांग्रेस के नेताओं के साथ संसद में प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। 

बायो में मौजूद जानकारी के मुताबिक, डॉ. सैयद नसीर हुसैन कांग्रेस के कर्नाटक से राज्यसभा सांसद हैं। इंस्टाग्राम प्रोफाइल में उनके भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कांग्रेस के नेताओं के साथ प्रदर्शन करने के कई वीडियो मौजूद हैं। 

जांच के दौरान हमें डॉ. सैयद नसीर हुसैन के अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स भी मिले। इसके बाद यह साफ हो गया कि डॉ. सैयद नसीर हुसैन के वीडियो को धर्मेंद्र प्रधान के नाम से वायरल किया जा रहा है। 

हमने डॉ. सैयद नसीर हुसैन और धर्मेंद्र प्रधान की तुलना की। नीचे दिए गए कोलाज में अंतर साफ देखा जा सकता है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने कांग्रेस के प्रवक्‍ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रहे शख्स कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन हैं।

क्या है संदर्भ?

NEET पेपर लीक विवाद को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी है। देशभर से युवा यहां आकर इस प्रदर्शन का हिस्सा बन रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में 20 जून 2026 को यह धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ था। 

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 24 जुलाई 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने शुक्रवार देर रात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में अपना अनशन समाप्त कर दिया।” इस प्रदर्शन से जुड़ी अन्य रिपोर्ट्स को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 10 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को जयपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सामने कांग्रेस सांसद रेणुका के केन्‍द्र सरकार को खरी-खोटी सुनाने का दावा फेक है। दरअसल, वीडियो में नजर आ रहे शख्स धर्मेंद्र प्रधान नहीं, बल्कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन हैं। 


  • Claim Review : केन्‍द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सामने कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने सरकार पर कसा तंज।
  • Claimed By : FB User राजेश मीना
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!