दिल्ली में कांग्रेस के पीएम आवास घेराव के बाद पटना में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प हुई थी, लेकिन वायरल वीडियो अगस्त 2025 का है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में 20 जुलाई 2026 को आयोजित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के ‘संसद मार्च’ के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया था। इसके बाद जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने बिहार के पटना में कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया, तो दोनों दलों के समर्थकों में झड़प हो गई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं को भिड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे 22 जुलाई को पटना में हुई झड़प का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो अगस्त 2025 का निकला। उस समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए ‘आपत्तिजनक शब्दों’ के इस्तेमाल पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस दौरान पटना में कांग्रेस कार्यालय के सामने दोनों दलों के समर्थक भिड़ गए थे। हालांकि, पीएम आवास के घेराव के बाद हुए पटना में हुए हालिया प्रदर्शन में भी दोनों दलों के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी।
क्या है वायरल पोस्ट?
एक्स यूजर ‘Ajit Singh Rathi’ ने 22 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “दिल्ली में हुई किरकिरी के बाद भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया था कि सभी राज्यों की राजधानी में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करे। उस आह्वान के बाद पटना का हाल देख लीजिए, कांग्रेसी भी तैयार बैठे थे, फिर वही हुआ जो इस वीडियो में दिख रहा है।”

इंडियन एक्सप्रेस के इंस्टाग्राम अकाउंट से भी इस वीडियो को पटना की हालिया घटना का बताकर शेयर (आर्काइव लिंक) किया गया है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक यूजर ‘Ichel News Network’ ने 30 अगस्त 2025 को कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “पटना में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। यह घटना तब हुई जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित तौर पर की गई अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में प्रदर्शन किया। शुरुआत में यह एक सामान्य विरोध-प्रदर्शन था, लेकिन जल्द ही माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इसके बाद तीखी बहस और हाथापाई हुई। पुलिस ने स्थिति को काबू में किया और मामले को और बढ़ने से रोका। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।”

फेसबुक यूजर की तस्वीर और वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट में दिख रहे व्यक्तियों के कपड़े एक जैसे हैं।

‘एएनआई’ के एक्स हैंडल से इस घटना का एक अन्य एंगल का वीडियो 29 अगस्त 2025 को पोस्ट किया गया था। इसके अनुसार, “पटना में कांग्रेस कार्यालय के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।”
‘टाइम्स नाउ’ के यूट्यूब चैनल पर 29 अगस्त 2025 को इस घटना से संबंधित वीडियो न्यूज को पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल क्लिप से मिलती-जुलती क्लिप को देखा जा सकता है।
क्या है संदर्भ?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के करीब एक माह से चल रहे प्रदर्शन के तहत 20 जुलाई 2026 को ‘संसद मार्च’ का एलान किया गया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया था। इसके विरोध में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम आवास तक मार्च करने का एलान किया था।
इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस कार्यालयों के घेराव के देशव्यापी अभियान का आह्वान किया। इसके तहत पटना में 22 जुलाई को जब भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के लिए पहुंचे, तो वहां दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
‘IANS’ के एक्स हैंडल पर 22 जुलाई 2026 को पटना में दोनों दलों के समर्थकों के बीच हुई झड़प का वीडियो देखा जा सकता है।
इस बारे में हमने पटना में ‘दैनिक जागरण’ के क्राइम रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के घेराव के बाद पटना में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है, लेकिन वायरल वीडियो पुराना है।
पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। नवंबर 2016 में बने इस अकाउंट के 20 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली में कांग्रेस के पीएम आवास घेराव के बाद पटना में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प हुई थी, लेकिन वायरल वीडियो अगस्त 2025 का है।

- Claim Review : दिल्ली में कांग्रेस के पीएम आवास घेराव के बाद पटना में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े।
- Claimed By : X User- Ajit Singh Rathi
- Fact Check : भ्रामक
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें




















Leave a Reply