मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मनातू थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 2.860 किलोग्राम अफीम और नशीले पदार्थों की बिक्री से कमाए गए 21,400 रुपये नगद जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (SP) पलामू को जिले में अफीम की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम ने सोमवार (16 मार्च 2026) को मनातू थाना अंतर्गत ग्राम छोटकी नागद में आलोक कुमार भारती उर्फ आलोक भुइयां के घर पर औचक छापेमारी की।
चूल्हे के पास मिट्टी में छिपाकर रखे थे जार
पुलिस टीम जब आरोपी के घर तलाशी लेने पहुंची, तो उसने अफीम को बहुत ही शातिर तरीके से छिपाया था। तलाशी के दौरान रसोई में मौजूद मिट्टी के चूल्हे के बीच से दो प्लास्टिक के जार बरामद किए गए। जब इन जारों को खोला गया, तो उनमें लगभग 2.860 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ पाया गया। इसके अलावा, पुलिस ने आरोपी के पास से अफीम की बिक्री से प्राप्त 21,400 रुपये भी बरामद किए हैं।
आरोपी पर दर्ज हुआ एन.डी.पी.एस. एक्ट
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आलोक कुमार भारती उर्फ आलोक भुइयां (37 वर्ष), पिता बोध भारती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मनातू थाना में केश NDPS एक्ट की धारा 18(c)/29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ को विधिवत सील कर दिया गया है और आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिस अधिकारी
इस सफल अभियान में मुख्य रूप से निम्नलिखित अधिकारी शामिल थे:
श्री राजीव रंजन, पुलिस उपाधीक्षक, सुरेश कुमार मंडल, पु०नि० पाटन अंचल, विक्की कुमार, थाना प्रभारी मनातू, स०अ०नि० सनेश राम, स०अ०नि० श्रवण दास, स०अ०नि० अशोक कुमार रविदास एवं अन्य पुलिस बल।













Leave a Reply