Advertisement

रांची : खादगढ़ा बस टर्मिनल में खड़ी लावारिस बसों पर नगर निगम की सख्ती: वाहन हटाने के लिए 7 दिनों का अल्टीमेटम, वरना होगी नीलामी

 

 

रांची: कांटाटोली स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल (खादगढ़ा बस स्टैंड) परिसर में लंबे समय से जमा लावारिस, जर्जर और अनुपयोगी वाहनों को लेकर रांची नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। बस टर्मिनल की व्यवस्था और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर सभी संबंधित वाहन स्वामियों को 7 दिनों के भीतर अपने-अपने वाहनों को परिसर से हटाने का अंतिम निर्देश दिया है।

14 दिनों के भीतर नीलामी की प्रक्रिया होगी शुरू

नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यदि वाहन मालिक निर्धारित 7 दिनों की समयावधि के अंदर अपने वाहन नहीं हटाते हैं, तो निगम त्वरित दंडात्मक कार्रवाई शुरू करेगा। अगले 7 दिनों के भीतर मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) के माध्यम से इन वाहनों का मूल्यांकन और न्यूनतम दर का निर्धारण कराया जाएगा। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होते ही नियमानुसार इन लावारिस और कंडम वाहनों की सार्वजनिक नीलामी (ऑक्शन) कर दी जाएगी।

समय सीमा बीतने के बाद कोई दावा मान्य नहीं

निगम प्रशासन ने यह साफ तौर पर स्पष्ट कर दिया है कि तय समय सीमा समाप्त होने के उपरांत किसी भी वाहन स्वामी के दावे, अनुरोध या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। नीलामी से होने वाली आय को नियमानुसार निगम के खाते में जमा किया जाएगा। नगर निगम ने अपील की है कि वाहन मालिक किसी भी कानूनी या वित्तीय नुकसान से बचने के लिए समय रहते अपने वाहनों को हटा लें।

टर्मिनल की सुंदरता और सुरक्षा पर पड़ा था असर

उल्लेखनीय है कि खादगढ़ा बस टर्मिनल में सालों से दर्जन भर से अधिक लावारिस, दुर्घटनाग्रस्त और कंडम बसें खड़ी हैं। इनसे न केवल नए वाहनों के आवगमन और पार्किंग में व्यवधान उत्पन्न हो रहा था, बल्कि यह स्थान असामाजिक तत्वों का अड्डा भी बनने लगा था। नगर निगम की इस कार्रवाई से बस स्टैंड परिसर में जगह खाली होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!