सिमरिया/चतरा: चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया-बगरा रोड पर स्थित ग्राम बन्हे के पास एक गुमटी दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिक-अप सवारी वाहन, चोरी किया गया सामान और घटना में इस्तेमाल सब्बल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई पुलिस टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिते 26 सितंबर की रात्रि को पुलिस अधीक्षक, चतरा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सिमरिया-बगरा रोड स्थित ग्राम बन्हे के पास एक गुमटी दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), सिमरिया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
सघन जाँच के दौरान हत्थे चढ़ा पिक-अप वाहन
गठित छापामारी दल ने तत्परता दिखाते हुए बन्हे के आसपास सघन छापामारी और वाहन जाँच अभियान शुरू किया। इसी दौरान बन्हे-हर्षनाथपुर रोड पर हर्षनाथपुर की ओर जा रहे एक संदिग्ध पिक-अप सवारी वाहन को पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली। जाँच के क्रम में वाहन के अंदर दुकान से चोरी किया गया सामान तितर-बितर हालत में लदा हुआ पाया गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिक-अप चालक को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि गाड़ी में लदा सामान बन्हे स्थित गुमटी दुकान से चोरी किया गया है।
मोटरसाइकिल सवार दो सहयोगी मौके से फरार
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि इस चोरीकांड में उसके साथ दो अन्य सहयोगी भी शामिल थे, जो पीछे-पीछे मोटरसाइकिल से आ रहे थे। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी देखकर दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जप्त सामान की सूची:
छापामारी के दौरान पुलिस ने मौके से निम्नलिखित वस्तुएं जप्त कीं:
- पिक-अप सवारी वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH 13A 5244)
- दुकान का ताला तोड़ने में प्रयुक्त एक सब्बल
- VOLTAS कंपनी का एक फ्रिज
- भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स, स्नैक्स एवं अन्य सामग्री
कांड दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस पूरी घटना के संबंध में सिमरिया थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत (जेल) भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल फरार दोनों अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













Leave a Reply