मेदिनीनगर (पलामू ): मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) और उसके आसपास संचालित निजी स्वास्थ्य केंद्रों की मनमानी पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दल-बल के साथ MMCH परिसर और आसपास के क्षेत्र में संचालित विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों व मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गंभीर वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताएं, अवैध संचालन और संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर डीसी ने ऑन द स्पॉट कार्रवाई करते हुए ‘न्यू पम्मी हेल्थ क्लिनिक’ और ‘नारायण मेडिकल्स’ को तत्काल प्रभाव से सील करा दिया।
संचालकों के मोबाइल जब्त, FIR दर्ज करने के कड़े निर्देश
छापेमारी के दौरान न्यू पम्मी हेल्थ क्लिनिक में कई संदेहास्पद मामले सामने आए। उपायुक्त के निर्देश पर क्लिनिक के संचालक शैलेन्द्र कुमार और कन्हैया लाल गुप्ता के मोबाइल फोन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। डीसी ने दोनों संचालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत स्थानीय थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।
परिसर में अफरा-तफरी का माहौल
अचानक हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई से अस्पताल परिसर और आसपास संचालित निजी पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड केंद्रों तथा दवा दुकानों में हड़कंप मच गया। कई अवैध पैथोलॉजी व क्लिनिक संचालक अपनी दुकानें बंद कर भागते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले, पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट का उल्लंघन करने वाले और अवैध रूप से क्लिनिक चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले भर में संचालित सभी अवैध और मानक के विपरीत चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों व जांच घरों पर आगे भी इसी तरह अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए। MMCH के पास अवैध क्लिनिक सील, पूरे जिले में चलेगा जांच अभियान
इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, दंडाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।













Leave a Reply