मेदिनीनगर : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेवती गांव में एक वृद्ध की नृशंस हत्या का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना अवैध संबंधों के शक और आपसी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है।
जंगल में मिला था शव
घटना की शुरुआत 2 मार्च 2026 को हुई, जब पुलिस को सूचना मिली कि बंगला किनारे पदमा रोड के पास कलकटवा जंगल में एक अज्ञात शव पड़ा है। छानबीन में मृतक की पहचान सेवती निवासी राजदेव महतो (70 वर्ष) के रूप में हुई। मृतक की पत्नी दुलारी देवी के आवेदन पर तरहसी थाने में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला (कांड सं.- 36/26) दर्ज किया गया था।
हत्या की चौंकाने वाली वजह
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम (SIT) ने जब जांच शुरू की, तो शक की सुई गांव की ही देवन्ती देवी और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों पर घूमी। पूछताछ में सामने आया कि:
- मृतक राजदेव महतो को शक था कि देवन्ती देवी का सुरेश राम और संतोष महतो के साथ अवैध संबंध है।
- राजदेव अक्सर उन्हें इस बात के लिए टोकता था और गांव में बदनामी करने की धमकी देता था।
- वहीं, एक अन्य आरोपी बच्चू महतो भी राजदेव से नाराज था, क्योंकि राजदेव अक्सर उसे शराब पीने के बाद बुरा-भला कहता था।
साजिश के तहत ‘भोज’ के दिन दिया वारदात को अंजाम
27 फरवरी 2026 को गांव में एक ‘भोज’ के दौरान तीनों आरोपियों (बच्चू महतो, संतोष महतो और सुरेश राम) ने राजदेव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। बच्चू महतो ने राजदेव को अपने खपरैल भंडार घर में बुलाया, जहाँ टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर उसकी हत्या कर दी गई। साक्ष्य छिपाने के लिए हत्यारों ने घटनास्थल से खून वाली मिट्टी हटाकर नई मिट्टी का लेप लगा दिया और शव को पुआल से ढक दिया। 1 मार्च की रात शव को खटिया पर लादकर दूर जंगल में फेंक दिया गया।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चू महतो (55 वर्ष) और संतोष महतो (50 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी) और खटिया भी बरामद कर ली गई है। मामले का तीसरा आरोपी सुरेश राम फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
इस गुत्थी को सुलझाने में पु०अ०नि० मनिन्द्र कुमार शर्मा, अनन्त कुमार सिंह, हवलदार प्रफुल्ल बाड़ा और अन्य जवानों की मुख्य भूमिका रही।













Leave a Reply