Advertisement

पलामू: अवैध बालू उत्खनन ने ली 15 वर्षीय छात्र की जान, ट्रैक्टर से कुचलकर हुई मौत

​मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू के काले कारोबार ने एक और मासूम की जिंदगी लील ली है। बीती रात बालू लोडिंग के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर की ट्रैक्टर से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के सुग्गी निवासी बनारसी पासवान के पुत्र अमलेश पासवान के रूप में हुई है।

​घटना का विवरण

​मिली जानकारी के अनुसार, अमलेश पासवान नौवीं कक्षा का छात्र था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण वह ट्रैक्टर पर बालू लोडिंग करने वाले मजदूर के रूप में काम करने को मजबूर था। घटना तरहसी-गुरहा रोड पर स्थित डिग्री कॉलेज के समीप आमानत नदी की है। बताया जा रहा है कि रात्रि में अवैध बालू की ढुलाई के दौरान अमलेश अनियंत्रित ट्रैक्टर के चपेट में आकर बुरी तरह कुचल गया।

​इलाज के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

​हादसे के तुरंत बाद घायल किशोर को आनन-फानन में तरहसी अस्पताल ले जाया गया। वहाँ के चिकित्सकों ने स्थिति को अत्यंत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH), मेदिनीनगर  रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, डालटनगंज पहुँचने से पहले ही रास्ते में अमलेश ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर फैलते ही सुग्गी गाँव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर सुग्गी निवासी विशाल रजक (नन्हका) का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है

 पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल  मेदिनीनगर भेज दिया है एवं मामले की सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है इसके पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी

​”गरीबी ने एक मेधावी छात्र के हाथों में किताब की जगह बालू का फावड़ा थमा दिया और प्रशासन की चुप्पी ने उसकी जान ले ली।” — एक स्थानीय ग्रामीण

 

​अमानत नदी में बेखौफ जारी है अवैध उत्खनन

​यह घटना तरहसी प्रखंड में सक्रिय बालू माफियाओं और प्रशासनिक विफलता की पोल खोलती है। ज्ञात हो कि अमानत नदी के विभिन्न घाटों से रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध बालू उत्खनन का खेल चरम पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय पदाधिकारियों की मौन सहमति और अनदेखी के कारण बालू माफियाओं के हौसले बुलंद हैं, जिसके कारण आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!