Advertisement

Fact Check: यूपी में चुनाव जीतने के बाद 20 लाख रुपये देने का कोई बयान नहीं द‍िया है चंद्रशेखर आजाद ने

चंद्रशेखर आजाद ने यूपी में व‍िधानसभा चुनाव जीतने के बाद हर गरीब के खाते में 20 लाख रुपये भेजने का कोई बयान नहीं द‍िया है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग से लेकर राजनीति‍क पार्ट‍ियां इसकी तैयारी में जुटी हुई हैं। इसी बीच सोशल मीड‍िया पर एक पोस्‍ट वायरल हो रही है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और यूपी की नगीना संसदीय सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद के नाम से वायरल इस पोस्‍ट में दावा क‍िया गया है क‍ि उन्‍होंने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद हर गरीब के खाते में 20 लाख रुपये भेजने की बात कही है। इसे सच मानकर कई सोशल मीड‍िया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्‍यूज ने व‍िस्‍तार से वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साब‍ित हुई। चंद्रशेखर आजाद ने 20 लाख रुपये देने का बयान नहीं द‍िया है। चंद्रशेखर ने भी वायरल दावे को फेक बताया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक पेज ‘News हिंदी’ ने 16 नवंबर 2026 को एक ग्राफ‍िक शेयर करते हुए दावा क‍िया, “सरकार बनी तो हर गरीब के खाते में आएंगे 20-20 लाख रुपये? चंद्रशेखर आजाद के ऐलान की चर्चा! नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नाम से 20-20 लाख रुपये देने का यह वादा सोशल मीडिया पर चर्चा में है। गरीबों, मज़दूरों और आम जनता के आर्थिक अधिकारों को लेकर किए गए इस दावे पर अब लोगों की निगाहें हैं। आखिर यह घोषणा किस संदर्भ में की गई और इसे पूरा करने की क्या योजना है? आपकी इस घोषणा पर क्या राय है? कमेंट में अपनी बात जरूर लिखें।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इस पोस्‍ट को सच मानकर कई यूजर्स वायरल कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के नाम पर वायरल हो रहे इस बयान की सच्‍चाई जानने के ल‍िए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल क‍िया। कई कीवर्ड बनाकर सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं म‍िली, जो वायरल दावे की सत्‍यता की पुष्टि कर सके।

जांच को आगे बढ़ाते हुए चंद्रशेखर आजाद के सोशल मीड‍िया हैंडल्‍स को भी खंगाला गया। फेसबुक से लेकर एक्‍स हैंडल पर हमें उनका ऐसा कोई बयान नहीं म‍िला।

सर्च के दौरान हमें ‘AZMI MUSHAIRA MEDIA’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर चंद्रशेखर आजाद का एक भाषण म‍िला। यह भाषण ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष और हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र से सांसद असदुद्दीन ओवैसी के साथ यूपी विधानसभा चुनाव के लिए हुए गठबंधन की घोषणा के बाद का है। 12 नवंबर 2026 को अपलोड किए गए इस भाषण में भी हमें 20 लाख रुपये देने वाली बात नहीं सुनाई दी।

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान सांसद चंद्रशेखर आजाद से संपर्क किया और उनके साथ वायरल हो रहा बयान शेयर क‍िया। उन्‍होंने पुष्‍ट‍ि करते हुए बताया क‍ि उन्‍होंने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं द‍िया है। यह पोस्ट फेक है।

क्या है संदर्भ?

यूपी में चुनाव से ठीक पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष व नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (एसपीएम) के नाम से गठबंधन की घोषणा की है। ‘द इंड‍ियन एक्‍सप्रेस’ के यूट्यूब चैनल पर 12 नवंबर 2026 को अपलोड किए गए एक वीड‍ियो में इस बारे में अधिक जानकारी देखी जा सकती है।

वहीं, ‘जागरण डॉट कॉम’ की 23 नवंबर 2026 की एक खबर के अनुसार, “उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब सहित पांच राज्यों में अगले साल की शुरुआत में होने वाले सभी विधानसभा चुनाव तय समय पर ही होंगे, लेकिन जो संकेत मिल रहे हैं, उनमें चुनाव की घोषणा की तारीख इस बार थोड़ा आगे बढ़ेगी, जो 15 जनवरी 2027 के आसपास हो सकती है।”

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले फेसबुक पेज की जांच की गई। इसकी सोशल स्‍कैन‍िंग में पता चला क‍ि यह पेज मुजफ्फरनगर से संचाल‍ित होता है। इसे 55 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट 2014 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि चंद्रशेखर आजाद के नाम पर वायरल हो रहा बयान फर्जी है। चंद्रशेखर आजाद ने यूपी में व‍िधानसभा चुनाव जीतने के बाद हर गरीब के खाते में 20 लाख रुपये भेजने का कोई बयान नहीं द‍िया है।


  • Claim Review : चंद्रशेखर आजाद ने कहा क‍ि चुनाव जीतने के बाद गरीब के खाते में बीस लाख रुपए भेजे जाएंगे।
  • Claimed By : FB User News Hindi
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!