गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानोगी गुरुवार को धनवार बाजार में देखने को मिली। स्थानीय थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित यूको बैंक (UCO Bank) की शाखा में दिनदहाड़े पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूट लिए। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दहशत का माहौल है।
फिल्मी अंदाज में दिया घटना को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांचों अपराधी ग्राहक के रूप में बैंक के अंदर दाखिल हुए। बैंक के अंदर कदम रखते ही उन्होंने अपने असलहे निकाल लिए और बैंक कर्मियों समेत वहां मौजूद सभी ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।
अपराधियों ने बड़ी ही बेखौफ अंदाज में बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम और लॉकर का रुख किया। महज 20 मिनट के भीतर अपराधियों ने लॉकर में रखे सोने के तमाम जेवरात और काउंटर पर रखी नकदी अपने बैग में भर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद, जाते-जाते शातिर अपराधियों ने किसी को तुरंत बाहर निकलने का मौका न मिले, इसलिए बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया और फरार हो गए।
पुलिस प्रशासन में हड़कंप, महज़ 200 मीटर की दूरी पर थी थाना
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। बैंक के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई और स्थिति का जायजा लिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह बैंक धनवार थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। थाने के इतनी नजदीक हुई इस बड़ी डकैती ने स्थानीय पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि अपराधियों के आने-जाने के रास्तों और उनकी पहचान की जा सके। इलाके के सभी संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े दावों की खुली पोल
दिनदहाड़े बैंक के अंदर घुसकर इस तरह करोड़ों की डकैती को अंजाम देना यह साबित करता है कि अपराधियों में कानून का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
घटना के बाद से बैंक ग्राहकों और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल देखा जा रहा है।














Leave a Reply