Advertisement

पलामू में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा: चर्चित चाय के आउटलेट से 500 पैकेट एक्सपायर्ड टी-मसाला जब्त, अमानक मिठाइयां भी नष्ट

मेदिनीनगर,(पलामू ): जिले के पाटन इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान एक चर्चित चाय चेन के फ्रेंचाइजी आउटलेट से 500 पैकेट एक्सपायर्ड (समय-समाप्त) टी-मसाला भारी मात्रा में बरामद कर जब्त किया गया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई।

बिना लाइसेंस चल रही थी दुकान, स्वच्छता का अभाव

छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार उपाध्याय, ललिता कुमारी और अभय शंकर ठाकुर भी शामिल रहे। टीम ने पाटन क्षेत्र में केक की दुकानों, मिठाई दुकानों, ढाबों, होटलों, फास्ट फूड प्रतिष्ठानों और चाय की दुकानों की औचक जांच की।

जांच के दौरान पाया गया कि जिस चर्चित चाय चेन के आउटलेट पर एक्सपायर्ड टी-मसाला मिला, वहां दुकान संचालक के पास वैध फूड लाइसेंस तक नहीं था। साथ ही, परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता के नियमों की गंभीर अनदेखी की जा रही थी।

गैर-खाद्य रंगयुक्त क्रीम चौक नष्ट, तंबाकू विक्रेताओं पर जुर्माना

अभियान के दौरान पाटन की एक अन्य स्वीट्स (मिठाई) दुकान पर भी शिकंजा कसा गया। वहां से 120 पीस ‘क्रीम चौप ‘ जब्त किए गए, जिसमें प्रतिबंधित गैर-खाद्य रंगों (Non-food grade colors) का इस्तेमाल किया जा रहा था। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर ही इन मिठाइयों को नष्ट कर दिया।

इसके अलावा, पाटन क्षेत्र में खुलेआम सिगरेट और पान मसाला बेचने वाले तीन दुकानदारों के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 1,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

लगातार जारी रहेगा अभियान: अधिकारी

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार गुप्ता ने इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए दो टूक कहा कि आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन और सामान्य दिनों में भी खाद्य सुरक्षा विभाग का यह औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!