मेदिनीनगर,(पलामू): अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से लेस्लीगंज के ठाकुरबाड़ी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज को एकजुट करना, उनके स्वाभिमान की रक्षा करना और संगठनात्मक शक्ति को मजबूत धार देना था। बैठक में समाज के प्रबुद्ध जनों ने शिरकत की और गांव-गांव तक संगठन के विस्तार का संकल्प लिया।
हरतुआ पंचायत के मुखिया अरविंद शुक्ला बने प्रखंड अध्यक्ष
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से हरतुआ पंचायत के लोकप्रिय मुखिया अरविंद शुक्ला को अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा का लेस्लीगंज प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए समाज के लोगों ने उनसे अपेक्षा जताई कि वे संगठन को प्रखंड की प्रत्येक पंचायत और गांव तक पहुंचाएंगे तथा अधिक से अधिक परिवारों को महासभा के साथ जोड़ेंगे।
‘अब बिखराव नहीं, संगठन का समय है’ – राजा पाठक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के पलामू जिला अध्यक्ष राजा पाठक ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकता होती है। बिखरा हुआ समाज कभी अपनी सामूहिक शक्ति को नहीं पहचान पाता। उन्होंने आह्वान किया कि आपसी खींचतान, मतभेद और व्यक्तिगत स्वार्थ को पीछे छोड़कर समाज के लोगों को एक मंच पर आना होगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे धरातल पर उतारा जाएगा। युवाओं की ऊर्जा, बुजुर्गों के अनुभव और प्रबुद्ध जनों के मार्गदर्शन से एक सशक्त सामाजिक संगठन की नींव रखी जाएगी। समाज के मान-सम्मान, शिक्षा, संस्कार और अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों की मदद करना महासभा की प्राथमिकता होगी।
‘ब्राह्मणों को शास्त्र के साथ शस्त्र का भी है ज्ञान’ – दीनानाथ तिवारी
बैठक की अध्यक्षता करते हुए दीनानाथ तिवारी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव ज्ञान, संस्कार और समाज को सही मार्गदर्शन देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र की भी बखूबी जानकारी है। उन्होंने समाज के लोगों से अपने गौरव, स्वाभिमान और एकता को बनाए रखने के लिए पूरी तरह संगठित रहने का आह्वान किया। बैठक का संचालन राघव तिवारी ने किया।
आज (6 नवंबर को) होगा अभिनंदन समारोह
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष अरविंद शुक्ला के मनोनयन के बाद, 6 नवंबर को उनके पैतृक गांव हरतुआ में एक विशेष अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटकर उनका स्वागत करेंगे और संगठन की आगामी रूपरेखा पर चर्चा करेंगे।
बैठक में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर अभिमन्यु ओझा, राघवेंद्र पाठक, घनश्याम पाठक, प्रभु नारायण पाठक, नवल किशोर तिवारी, अजय दुबे, दिवाकर दुबे, दिनेश तिवारी, जयराम तिवारी, अंकुर राय, जलेश शर्मा, राम शुक्ला, मनोरंजन दुबे, विनय तिवारी, अवधेश तिवारी, प्रसिद्ध नारायण तिवारी और दीपक गिरी सहित दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में लेस्लीगंज प्रखंड के अधिक से अधिक ब्राह्मण परिवारों को महासभा से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।













Leave a Reply