Advertisement

पलामू : कलाली चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे, पुलिस रखेगी पैनी नजर

 

 

मेदिनीनगर (पलामू): मनातू प्रखंड क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित एवं संवेदनशील माने जाने वाले चक पंचायत में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की दिशा में एक बड़ी और सराहनीय पहल की गई है। कभी नक्सलियों के गढ़ के रूप में कुख्यात रहे चक इलाके के मुख्य चौक-चौराहों को अब आधुनिक तकनीक यानी सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है, ताकि हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।

इसी क्रम में रविवार को चक पंचायत स्थित कलाली चौक पर प्रखंड प्रमुख गीता देवी एवं मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार के संयुक्त सौजन्य से उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए। इस महत्वपूर्ण पहल से चौक-चौराहों पर मंडराने वाले अवांछित तत्वों, आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक हरकतों पर पूरी तरह से विराम लगने की उम्मीद जग गई है।

मनातू पुलिस करेगी सीधी मॉनिटरिंग

कैमरा स्थापना के मौके पर प्रखंड प्रमुख गीता देवी एवं चक पिकेट प्रभारी ने संयुक्त रूप से सीसीटीवी प्रणाली का उद्घाटन किया।

“चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगने से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। आए दिन चोरों, उचक्कों और मनचले तत्वों द्वारा फैलाई जाने वाली अराजकता पर नकेल कसने में यह तकनीक बेहद कारगर साबित होगी। इन सभी कैमरों की लाइव फीड और सीधी मॉनिटरिंग मनातू थाना पुलिस द्वारा की जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय घटना या आपराधिक गतिविधि के घटित होने पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।”

विक्की कुमार  थाना प्रभारी  मनातू 

इस कदम से स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों ने प्रशासन और प्रमुख के इस प्रयास की काफी प्रशंसा करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में शांति, कानून का राज और सुरक्षा का माहौल और अधिक मजबूत होगा।

 

“हमने चक क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए कलाली चौक से सीसीटीवी कैमरे लगाने की इस अभियान की शुरुआत की है। आने वाले दिनों में मनातू प्रखंड के अन्य सभी प्रमुख चौक-चौराहों को भी इसी प्रकार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के दायरे में लाया जाएगा। इस पहल से न केवल आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा, बल्कि आम जनता, महिलाएं और व्यापारी खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करेंगे। हमारा मुख्य लक्ष्य पूरे प्रखंड क्षेत्र में एक भयमुक्त, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल तैयार करना है।”

— गीता देवी, प्रखंड प्रमुख, मनातू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!