Advertisement

भव्य दुर्गा पूजा सम्मान महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

 

50 से अधिक पूजा समितियां सम्मानित, सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी बोले—विश्व कल्याण की भावना में निहित है सनातन धर्म का मूल संदेश

नीलांबर -पीतांबरपुर (पलामू ): आस्था की ज्योति, भक्ति की गूंज और सनातन संस्कृति की दिव्यता से सोमवार को लेस्लीगंज के मध्य विद्यालय का प्रांगण भक्तिमय रहा। सनातन धर्म सभा केंद्रीय समिति की ओर से भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव सम्मान समारोह एवं भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों, भजनों की मधुर स्वर लहरियों और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन में धर्म, संस्कृति, सामाजिक एकता और सेवा भाव का सुंदर संगम देखने को मिला।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी मेदिनीनगर संजय पांडेय, पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी प्रशांत कुमार तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सनातन धर्म सभा के मुख्य संरक्षक मुकेश पांडेय एवं वरुण तिवारी ने अतिथियों को चुनरी, तलवार और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी ने की, जबकि संचालन केंद्रीय महासचिव राम प्रकाश तिवारी एवं संत कुमार तिवारी ने किया।

सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, जीवन जीने की पद्धति है : मुकेश पाण्डेय

समारोह को संबोधित करते हुए सनातन धर्म सभा के मुख्य संरक्षक मुकेश पांडे ने कहा कि सनातन धर्म का मूल संदेश विश्व कल्याण, मानवता और आपसी सद्भाव है। सनातन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की ऐसी पद्धति है, जो मनुष्य को प्रेम, सहयोग, सेवा, संस्कार और परस्पर सम्मान का मार्ग दिखाती है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा सभी के कल्याण की कामना करती है और समाज को मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देती है।वह सनातन धर्म सभा के केंद्रीय संरक्षक वरूण तिवारी ने कहा कि सनातन धर्म सभा प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव पर समान सभा का आयोजन करती रही है, लेकिन इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से भव्य रहा। समाज के लोगों के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत और श्रद्धालुओं की सहभागिता से सनातन का संदेश लगातार व्यापक हो रहा है।सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी ने कहा कि धर्म की वास्तविक शक्ति लोगों को जोड़ने में है, न कि बांटने में। जब समाज के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के संरक्षण के लिए एकजुट होते हैं, तभी आने वाली पीढ़ियों तक अपनी विरासत सुरक्षित पहुंचा पाते हैं। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सेवा भावना मजबूत करने का माध्यम बताया।

देवी-देवताओं की झांकियों और भजनों ने बांधा समां

पश्चिम बंगाल से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। प्रसिद्ध भजन गायिका ज्योति माही ने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। अंशु सिंह राजपूत ने भी भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बनाया। वहीं, सांस्कृतिक मंडली के प्रमुख उमाशंकर महानायक ने अपने गीतों से श्रोताओं का मनोरंजन किया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति संगीत का आनंद लेते रहे।
50 से अधिक पूजा समितियों को सम्मान

सनातन धर्म सभा की ओर से पांकी विधानसभा क्षेत्र की 50 से अधिक दुर्गा पूजा समितियों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने पूजा समितियों के योगदान को धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।इस अवसर पर सचिंद्रजीत सिंह उर्फ गोपू बाबू,जलेश कुमार शर्मा, मनोज सिंह चेरो, दीनानाथ राम, सुनील कुशवाहा, प्रवीण कुमार दुबे, पंकज मेहता, सुनील कुमार यादव, अजीत वाल्मीकि, कुश कुमार रवि, लक्ष्मी नारायण प्रसाद,अजीत सिंह और आनंद सिंह सहित कई लोगों को केंद्रीय संरक्षक मंडल एवं केंद्रीय कार्य समिति में मनोनीत किया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे ने मनोनीत सदस्यों को पत्र प्रदान किया।

राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी ने सनातन धर्म सभा को किया सम्मानित

राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में संगठन की ओर से सनातन धर्म सभा के संरक्षक मंडल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सनातन धर्म सभा के साथ खड़े रहने और सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई गई।
कार्यक्रम में संरक्षक नगीना सिंह, योगेंद्र प्रसाद सोनी, आशुतोष तिवारी, ब्रजेश शुक्ला,संजु शुक्ला, हीरालाल सिंह, पवन कुमार सोनी, मुखिया अरविंद शुक्ला, गुड्डी देवी, रविंद्र नाथ पांडे, बलकेश पासवान, पिंटू कश्यप, दिलीप तिवारी, मुनीन्द्र नाथ दुबे, अवध किशोर राय, गौतम सिंह, रुपेश तिवारी, आशुतोष लकी, रमेश शुक्ला, रेवती रमण और आकाश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पत्रकारों को भी किया गया सम्मानित

समाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने में पत्रकारों की भूमिका को सम्मान देते हुए समारोह में पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। इनमें राष्ट्रीय नवीन मेल के संपादक राणा अरुण सिंह, हिंदुस्तान के प्रतिनिधि नागेंद्र शर्मा, दीपक तिवारी, सनी शुक्ला, दिवाकर सिंह और अमित यादव सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता का दिया संदेश

दुर्गा पूजा महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन बनकर नहीं रहा, बल्कि इसने समाज को अपनी परंपराओं से जुड़ने, एक-दूसरे का सम्मान करने और सामूहिक सहयोग की भावना मजबूत करने का संदेश भी दिया। पूजा समितियों, समाजसेवियों, कलाकारों और पत्रकारों का सम्मान इस बात का प्रतीक बना कि समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति और संगठन का योगदान महत्वपूर्ण है। वही प्रखंड में चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए डॉक्टर अरुण चंद्र मोहता को सम्मानित किया गया। मां दुर्गा की आराधना के बीच आयोजित इस समारोह ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, मानवीय मूल्यों के प्रसार और सामाजिक एकता की भावना को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!