Advertisement

शराब के खिलाफ छापेमारी पर बिहार में आक्रोशित हुए लोगों का नहीं है यह वीडियो, वायरल दावा गलत  bihar viral video liquor raid protest claim false

पुलिस पर हमला कर रहे लोगों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फेक है। यह वीडियो बिहार की घटना का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का है, जहां शराब के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस की झड़प हो गई थी।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पुलिस पर पथराव कर उन्हें दौड़ाते कुछ लोगों का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ पुलिसकर्मी भाग रहे हैं और कुछ लोग उनका पीछा कर रहे हैं। साथ ही, लोग पुलिस पर पत्थर और लाठी-डंडों से हमला भी कर रहे हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बिहार में हुई एक घटना का है, जहां अवैध शराब जब्त करने के लिए पुलिस छापेमारी करने पहुंची थी। हालांकि, इस दौरान लोगों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल हो रहा दावा फेक है। असल में वायरल वीडियो का बिहार से कोई संबंध नहीं है। यह घटना मध्य प्रदेश की है, जहां शराब के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस की झड़प हो गई थी।

क्या हो रहा है वायरल? 

फेसबुक यूजर ‘Rajveer Shrivtastav’ ने 29 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “साथियों, -: बिहार में गजब हो गया ……..बिहार पुलिस निकली थी शराब के खिलाफ छापेमारी करने के लिए….लेकिन बाजी ऐसी पलट गई कि खुद पुलिस पर ही छापा पड़ गया..प्रिय साथियों, ऐसे ही सामाजिक बदलाव निरपेक्ष विचारों के लिए हमें फॉलो करें।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 10 सितंबर 2016 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से मौतों के बाद शिवपुरी जिले के कई गांवों में महिलाओं ने शराब विक्रय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। वे दुकानों पर पहुंचकर प्रदर्शन और तोड़फोड़ कर रही थीं। शराब की बोतलों को सड़क पर फेंककर महिलाओं ने तोड़फोड़ भी किया था। इसी तरह, अमोलपठा गांव में जब उग्र लोगों को काबू करने के लिए पुलिस वहां पहुंची और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, तो हालात बेकाबू हो गए। इस दौरान लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया और पुलिस को वहां से भागना पड़ा। 

दोनों वीडियो एक ही जैसे हैं। इसे नीचे देखा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट ‘MP Tak’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिली। इस वीडियो को 11 सितंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, “वीडियो शिवपुरी में शराबबंदी को लेकर हुए आंदोलन का है। पिछोर और करैरा विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में महिलाएं सड़कों पर उतर आईं। अमोला थाना क्षेत्र के अमोलपठा गांव में यह विरोध उस वक्त हिंसक हो गया, जब शासकीय कलारी बंद कराने पहुंची महिलाओं पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस तथा आबकारी विभाग की टीम पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया।”

अधिक जानकारी के लिए हमने शिवपुरी में ‘नईदुनिया’ के रिपोर्टर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल हो रहा वीडियो अमोलपठा गांव में हुई घटना का है। यहां कई महिलाएं और उनके साथ अन्य लोग शराब के खिलाफ विरोध जता रहे थे और शराब की दुकानों पर तोड़फोड़ कर रहे थे। जब पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, तो लोगों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया था।

क्या है संदर्भ?

घरेलू हिंसा और शराब की लत के कारण होने वाली मौतों से परेशान होकर मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में महिलाओं ने सितंबर 2026 में मोर्चा खोला था और शराबबंदी के लिए आंदोलन शुरू कर दिया था। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं ने लाठियों से शराब की दुकानों पर हमला भी किया था।

बिहार में छपरा के सिताबदियारा से साल 2009 में शुरू हुए शराबबंदी आंदोलन ने राज्य में एक बड़ा रूप ले लिया था। इसके बाद बिहार के तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार की सरकार ने 1 अप्रैल 2016 में शराबबंदी लागू कर दिया था। इस मामले पर दैनिक जागरण की पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ें।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यह यूजर 28 अक्टूबर 2026 से फेसबुक पर सक्रिय है और प्रोफाइल में खुद को मुंबई का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पुलिस पर हमला कर रहे लोगों के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा फेक है। यह वीडियो बिहार की घटना का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का है, जहां शराब के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस की झड़प हो गई थी।


  • Claim Review : बिहार में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर लोगों ने किया अटैक।
  • Claimed By : FB User Rajveer Shrivtastav
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!