- गुप्त सूचना के आधार पर गिद्धौर पुलिस ने सलीमपुर मोड़ के पास की छापेमारी
- अभियुक्त के पास से ₹15,500 नकद, मोबाइल और व्हाट्सऐप चैटिंग का प्रिंटआउट बरामद
- एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी भेजा गया जेल
चतरा। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलीमपुर मोड़ के समीप छापेमारी कर 20.98 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, ₹15,500 नकद, एक चांदी की चेन और व्हाट्सऐप चैटिंग का प्रिंटआउट बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है।
गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम
मिली जानकारी के अनुसार, गत 29 सितंबर को वरीय पुलिस पदाधिकारी, चतरा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से अवैध ब्राउन शुगर की खेप लेकर चतरा से हजारीबाग की ओर निकलने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशानुसार पुलिस निरीक्षक, सदर अंचल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश, पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ा
गठित टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए गिद्धौर थाना अंतर्गत सलीमपुर मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान चतरा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध अपाचे मोटरसाइकिल सवार को पुलिस बल ने रुकने का इशारा किया। पुलिस की मौजूदगी देख मोटरसाइकिल सवार हड़बड़ा गया और वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, सतर्क सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर धर दबोचा।
तलाश में बरामद हुआ नशे का सामान
पकड़े गए व्यक्ति की नियमानुसार विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 20.98 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन, ₹15,500 नगद, एक सिल्वर रंग की चेन, अपाचे मोटरसाइकिल और ड्रग्स के लेनदेन से जुड़े व्हाट्सऐप चैटिंग का प्रिंटआउट बरामद हुआ।
प्राथमिकी दर्ज कर भेजा गया न्यायिक हिरासत में
इस पूरी कार्रवाई के संबंध में गिद्धौर थाना में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी), 27(ए), 28 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब व्हाट्सऐप चैट के आधार पर इस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।
















Leave a Reply